कल्याण सिंह के निधन पर राष्‍ट्रपति रामनाथ कोविंद, प्रधानमंत्री मोदी समेत दिग्‍गज नेताओं ने शोक संवेदना प्रेषित किया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि "भारत के सांस्कृतिक उत्थान में योगदान के लिए आने वाली पीढ़ियां हमेशा कल्याण सिंह की आभारी रहेंगी। मैं उनके निधन से निशब्द हूं।
 
कल्याण सिंह के निधन पर राष्‍ट्रपति रामनाथ कोविंद, प्रधानमंत्री मोदी समेत दिग्‍गज नेताओं ने शोक संवेदना प्रेषित किया।

डा० शक्ति कुमार पाण्डेय
राज्य संवाददाता (यूपी)
ग्लोबल भारत न्यूज नेटवर्क

लखनऊ, 22 अगस्त।

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के निधन पर राष्‍ट्रपति रामनाथ कोविंद, प्रधानमंत्री मोदी और गृहमंत्री अमित शाह समेत कई दिग्‍गज नेताओं ने शोक संवेदना प्रकट किया है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि “भारत के सांस्कृतिक उत्थान में योगदान के लिए आने वाली पीढ़ियां हमेशा कल्‍याण सिंह की आभारी रहेंगी। मैं उनके निधन से निशब्द हूं। कल्याण सिंह…राजनेता, वरिष्ठ प्रशासक, जमीनी नेता और बहुत अच्छे इंसान थे। उत्तर प्रदेश के विकास में वह अमिट छाप छोड़ गए हैं। भारतीय मूल्यों में उनकी गहरी आस्था थी और हमारी सदियों पुरानी परंपराओं पर गर्व किया करते थे। कल्याण सिंह जी ने समाज के पिछड़े और वंचित वर्ग के करोड़ों लोगों को आवाज दी और किसानों, युवाओं और महिलाओं के सशक्तीकरण की दिशा में कई प्रयास किए।”

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने कहा कि कल्याण सिंह का जनता से जादुई जुड़ाव था। यूपी के सीएम के रूप में, उन्होंने साफ राजनीति की और अपराधियों और भ्रष्टाचार को खत्म किया। वे जिस पद पर भी रहे उन्होंने उस पद की शोभा बढ़ाई। उनके निधन से सार्वजनिक जीवन में एक खालीपन आ गया है।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने ट्वीट कर कहा- “कल्याण सिंह जी ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में अपनी कर्तव्यनिष्ठा व राजनीतिक कौशल से सुशासन की संकल्पना को साकार कर जनता को भय व अपराध से मुक्त एक जनकल्याणकारी शासन दिया। उन्‍होंने शिक्षा के क्षेत्र में अभूतपूर्व सुधार कर आने वाली सरकारों के लिए उत्कृष्ट आदर्श भी स्थापित किए। जन-जन के हृदय में बसने वाले प्रखर राष्ट्रवादी आदरणीय कल्याण सिंह जी जैसा महान व्यक्तित्व ढूंढने पर विरले ही मिलता है। उन्होंने अपनी कर्मठता से विभिन्न संवैधानिक पदों पर रहते हुए किसान, गरीब और वंचित वर्ग को विकास की मुख्यधारा से जोड़कर देश की प्रगति में अपना अनुपम योगदान दिया।”

केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा- “कल्याण सिंह जी के निधन से मैंने अपना बड़ा भाई और साथी खोया है। उनके निधन से आई रिक्तता की भरपाई लगभग असम्भव है। ईश्वर उनके शोक संतप्त परिवार को दुःख की इस कठिन घड़ी में धैर्य और संबल प्रदान करे।”

भाजपा अध्‍यक्ष जेपी नड्डा ने कहा- “कल्याण सिंह जी का निधन भारतीय राजनीति के एक युग का अंत है। लाखों कार्यकर्ताओं को पार्टी की सेवा के लिए तैयार करने वाले बाबू जी की छवि सदैव हमारे मन-मस्तिष्क में विराजमान रहेगी। कल्याण सिंह जी ने देश की राजनीति को नई दिशा दिखाई। प्रभु श्री राम उन्हें अपने चरणों में स्थान दें।”

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा- “हमारे वरिष्ठ नेता आदरणीय कल्याण सिंह जी के निधन का समाचार सुनकर अत्यंत व्यथित हूं। जनसंघ और भाजपा को उत्तर प्रदेश में खड़ा करने में कल्याण सिंह जी का सबसे महत्वपूर्ण योगदान रहा है। विचारधारा के प्रति दृढ़ कटिबद्धता के आगे सत्ता कितनी गौण है, यह सीख कल्याण सिंह जी ने हम सभी को दी। समर्पित राम भक्त, जमीन से जुड़े सच्चे जन-नेता कल्याण सिंह जी को मेरी भावभीनी श्रद्धांजलि।”

लोकसभा अध्‍यक्ष ओम बिड़ला ने कहा- “कल्याण सिंह जी के निधन से आज हमने एक ऐसा विराट व्यक्तित्व खो दिया जिसने अपने राजनीतिक कौशल, प्रशासकीय अनुभव और विकासोन्मुखी दृष्टिकोण से राष्ट्रीय स्तर पर एक अमिट छाप छोड़ी। वे वंचित वर्ग के उत्थान और सभी वर्गों के कल्याण को समर्पित रहे। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें।”

केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा- “कल्याण सिंह जी के निधन से एक युग का अंत हुआ है। लंबे समय से उनका इलाज अस्पताल में चल रहा था लेकिन वो हमें छोड़ के चले गए हैं उनके निधन पर मैं भाजपा और सरकार की तरफ से गहरी शोक संवेदना प्रकट करता हूं।”

सपा अध्‍यक्ष अखिलेश यादव ने कहा- “उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं राजस्थान के पूर्व राज्यपाल श्री कल्याण सिंह जी का निधन हृदय विदारक! भगवान… दिवंगत आत्मा को शांति एवं शोक संतप्त परिवार को दुख सहने की शक्ति दे।”

राजस्थान के मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस नेता अशोक गहलोत ने कहा- “राजस्थान के पूर्व राज्यपाल एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के निधन से दुखी हूं। उनके परिवार के सदस्यों के प्रति मेरी संवेदना है। ईश्वर उन्हें इस कठिन समय में शक्ति प्रदान करें। दिवंगत आत्मा को शांति मिले।”

राजस्थान के राज्यपाल कलराज मिश्र ने कहा- “आज दु:खद समाचार प्राप्त हुआ कि कल्याण सिंह जी हमारे बीच नहीं रहें। वे यूपी के दो बार सीएम रहे चुके थे और राजस्थान में राज्यपाल भी थे। उनके साथ काम करने का मुझे काफी दिन अवसर प्राप्त हुआ। उनका निधन हमारे देश और बीजेपी के लिए अपूरणीय क्षति है!”

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में तीन दिन के शोक की घोषणा करते हुए कहा- “कल्याण सिंह दो महीने से अस्वस्थ थे। उन्होंने आज रात सवा नौ बजे आखिरी सांस ली। हम सभी दुखी है। मैं दिवंगत आत्मा के लिए शांति की कामना करता हूं। 23 तारीख को नरौरा में गंगा तट पर उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। 23 अगस्त को प्रदेश के अंदर सार्वजनिक अवकाश घोषित रहेगा ताकि हर व्यक्ति उनको श्रद्धाजंलि दे सकें।”

भाजपा नेता केशव प्रसाद मोर्य ने कहा- “बाबूजी का जीवन गरीबों व राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पित रहा है। आपका निधन भारतीय राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति है। ईश्वर पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें एवं परिजनों /समर्थकों को संबल प्रदान करें। विनम्र श्रद्धांजलि! ॐ शांति”

भाजपा नेता गिरिराज सिंह ने कहा- “हमने क्षितिज पर चमकते हुए एक सितारे को खो दिया है जिसने कभी सनातन को रोशन किया था। काश, धर्म के लिए सत्ता को ठुकराने वाले कल्याण सिंह मंदिर निर्माण के बाद अयोध्या में राम जन्मभूमि पर पूजा कर पाते…। भगवान उनकी आत्मा को शांति दे। वहीं भाजपा नेता राधा मोहन सिंह ने कहा- उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह जी का निधन देश व भाजपा परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है। मैं उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। मेरी भगवान से प्रार्थना है कि उन्‍हें अपने चरणों में स्थान दें। साथ ही उनके परिजनों एवं समर्थकों को यह अपार दुख सहने की शक्ति प्रदान करे। ॐ शांति!”