अग्नि को साक्षी मानकर परिणय सूत्र में बंधे 169 जोड़ें

अफसरों और जनप्रतिनिधियों ने कन्यादान लेकर दिया आशिर्वाद
 
अग्नि को साक्षी मानकर परिणय सूत्र में बंधे 169 जोड़ें

ग्लोबल भारत न्यूज़ नेटवर्क

रिपोर्ट – देवेन्द्र देव निगम संवाददाता

बांदा। समाज कल्याण विभाग द्वारा शनिवार को पंडित जेएन कालेज परिसर में आयोजित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम में जिले भर के सभी ब्लाकों के 169 जोड़ों ने अग्नि को साक्षी मानकर सात फेरे लेते हुए जन्मभर एक दूसरे का साथ निभाने का संकल्प लिया। इस दौरान वर और वधू पक्ष के लोगों की न केवल जमकर खातिरदारी की गई बल्कि अफसरों और जनप्रतिनिधियों ने उन्हें सुखमय दाम्पत्य जीवन की बधाई दी।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिलाधिकारी अनुराग पटेल ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। मुख्य विकास अधिकारी ने बुकें देकर सभी जनप्रतिनिधियों का स्वागत किया।  जिलाधिकारी ने ब्लाक बिसंडा के ग्राम थरथुआ के नव दम्पत्ति महेश संग रीता देवी का 1001 रुपये देकर कन्यादान किया। वहीं रश्मि पुत्री राकेश कुमार ग्राम करतल नरैनी के नव दम्पत्तियों का मुख्य विकास अधिकारी द्वारा कन्यादान किया गया। वन्दना पुत्री राजा तुर्रा संग धमेन्द्र पुत्र श्रीपथ सिलौली का कन्यादान राज्य महिला आयोग की सदस्या प्रभा गुप्ता ने किया। सुमन संग अनूप प्रजापति का कन्यादान रीता सिंह द्वारा किया गया। जिला समाज कल्याण अधिकारी गीता सिंह द्वारा शोभा पुत्री बन्दर हुसैनपुर कला ब्लाक महुआ संग प्रेम सिंह का कन्यादान पूरे विधि-विधान के साथ सम्पन्न कराया।
कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए जिलाधिकारी ने सभी जोड़ों के सुखमय जीवन की कामना करते हुए कहा कि हिन्दू धर्म दर्शन के अनुसार सात जन्मों तक उनका यह बन्धन अटूट रहे। आज हमारे प्रदेश के मुखिया योगी आदित्य नाथ का सपना साकार हुआ है। शासन के माध्यम से प्रत्येक जोड़े को 51000 की धनराशि प्रदान की गयी है जिसमें 35 हजार कन्या के बैंक खाते में सीधे भेजे गये हैं। 10 हजार रूपये का स्त्रीधन चूडी, बिछिया इत्यादि के लिए तथा 06 हजार रूपये टेन्ट आदि में लगाया गया है। इस प्रकार कुल 51 हजार की धनराशि प्रदान की गयी है। राज्य महिला आयोग की सदस्या प्रभा गुप्ता ने सम्बोधित करते हुए कहा कि पहले की योजनायें धरातल पर नही दिखती सिर्फ कागजों में चलती थी। आज हमारी सरकार ने इन योजनाओं को धरातल पर उतारा है और पात्रता के अनुसार यह शादियां सम्पन्न हो रही हैं। जिला पंचायत अध्यक्ष सुनील पटेल ने कहा कि इस कल्याणकारी योजना की सुखद अनुभूति हो रही है। सामूहिक विवाह योजना के अन्तर्गत गरीब तबके के व्यक्तियों को लाभान्वित किया जा रहा है। मुख्य विकास अधिकारी वेदप्रकाश मौर्य ने सभी का आभार जताया। इस कार्यक्रम में ब्लाक महुआ के 50 जोडे़, जसपुरा के 10 जोडे़, कमासिन के 16 जोडे़, बबेरू के 20 जोडे़, बडोखर खुर्द के 16 जोडे़, बिसण्डा का 1 जोड़ा, तिन्दवारी के 21 जोडे़ एवं नरैनी के 16 जोडे़, नगर पालिका बांदा के 5 जोडे़, नगर पंचायत बबेरू का 1 जोड़ा, नगर पंचायत तिन्दवारी का 1 जोडा, नगर पंचायत अतर्रा 3 जोडे़, नगर पंचायत मटौंध के 7 जोडे़, नगर पंचायत बिसण्डा के 2 जोडे़ का सकुशल वैवाहिक समारोह सम्पन्न हुआ। वैवाहिक समारोह में नगर मजिस्ट्रेट केशव नाथ गुप्त, डिप्टी कलेक्टर राम कुमार, संयुक्त निदेश कृषि उमेश चन्द्र कटियार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी विजय तिवारी, जिला खाद्य एवं आपूर्ति अधिकारी, जिला विकास अधिकारी रवि किशोर त्रिवेदी, जिला विद्यालय निरीक्षक विनोद कुमार सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, अर्थ एवं संख्या अधिकारी संजीव सिंह बघेल, खण्ड विकास अधिकारी डा. प्रभात, समस्त खण्ड विकास अधिकारी सहित जन प्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।