शादी के भोज में मुर्गे के लेगपीस के लिए वर पक्ष और कन्या पक्ष में मारपीट। कई लोग घायल।

विवाद की सूचना पर पहुंची पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में लिया और शांति भंग में चालान करते हुए इन्हें जेल भेज दिया।
 
शादी के भोज में मुर्गे के लेगपीस के लिए वर पक्ष और कन्या पक्ष में मारपीट। कई लोग घायल।

डा. एस. के. पाण्डेय
राज्य संवाददाता
ग्लोबल भारत न्यूज नेटवर्क

लखनऊ, 11 दिसम्बर।
यूपी के कुशीनगर जिले में मुर्गे के लेग पीस को लेकर दूल्हा और दुल्हन पक्ष वाले आपस में भिड़ गए। मामला इतना बढ़ गया कि घरातियों और बारातियों में मारपीट होने लगी और कई लोग घायल हो गए।

शादी में हुए विवाद की सूचना पुलिस को मिली। तो चार लोगों को हिरासत में लिया गया और शांति भंग में चालान करते हुए इन्हें जेल भेजा गया है।

कुशीनगर जिले के पटहेरवा थाना क्षेत्र के गांव में तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र से बारात आई थी। द्वार पूजा की रस्म पूरी होने के बाद बारातियों को भोजन कराया जा रहा था। बारात के खाने में मांसाहारी भोजन भी रखा गया था।

इसी दौरान भोजन परोस रहे वधू पक्ष के युवक से दूल्हे पक्ष के एक व्यक्ति ने मुर्गे के लेग पीस की मांग की। इस पर युवक ने लेग पीस खत्म होने की बात कही। इस पर लेग पीस मांग रहे शख्स ने ताना मारा और जब घराती पक्ष के लोगों ने उसे समझाने का प्रयास किया तो वह खाना छोड़कर चल दिया। युवक को उठते देखकर अन्य बाराती भी खाना छोड़कर चले गए।

इस पर विवाद बढ़ गया। बहस के बाद घराती और बारातियों में मारपीट होने लगी। इस दौरान बीच-बचाव करने आई एक महिला समेत कई लोग घायल हो गए।

घटना की सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाया। पुलिस ने मारपीट के आरोप में चार लोगों को हिरासत में ले लिया। चारों युवकों का शांति भंग में चालान किया गया। वहीं मारपीट में घायल लोगों का इलाज कराया गया। दोनों पक्षों के बीच मामला शांत होने के बाद वैवाहिक रस्में पूरी की गईं।