कैबिनेट मंत्री चेतन चौहान को पीजीआई लखनऊ से गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में शिफ्ट करके लाइफ सपोर्ट सिस्टम पर रखा गया।

उत्तरप्रदेश में कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों का आंकड़ा शनिवार को डेढ़ लाख के पार हो गया। बीते 24 घंटे में 4,814 नए रोगी मिलने के साथ अब तक कुल 1,50,061 मरीज मिल चुके हैं।
 

डा. एस. के. पाण्डेय
राज्य संवाददाता
ग्लोबल भारत न्यूज नेटवर्क

लखनऊ, 16 अगस्त।
उत्तरप्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री चेतन चौहान कोरोना संक्रमण पॉजिटिव के कारण लम्बे समय से संजय गांधी पीजीआई में भर्ती रहे। सूचना मिली है कि उनकी किडनी ने काम करना बंद कर दिया है। जिसके कारण उनको लखनऊ से गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में शिफ्ट किया गया है, जहां पर उनको लाइफ सपोर्ट सिस्टम पर रखा गया है।

कोरोना वायरस से संक्रमित उत्तर प्रदेश के होमगार्ड मंत्री चेतन चौहान को 11 जुलाई को कोरोना संक्रमण के कारण भर्ती कराया गया था। क्रिकेट में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री चेतन चौहान के पास उत्तरप्रदेश मंत्रिमंडल में सैनिक कल्याण, होमगार्ड, पीआरडी और नागरिक सुरक्षा मंत्रालय हैं।

उल्लेखनीय है कि 11 जुलाई को कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद उनको संजय गांधी पीजीआई में एडमिट कराया गया था। इसके बाद उन्हेंं किडनी और ब्लड प्रेशर की समस्या शुरू हो गईं। इसके बाद उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया था।

अमरोहा से चेतन चौहान भाजपा के सांसद भी रहे हैं। चेतन चौहान भारतीय जनता पार्टी की राजनीति में लंबे समय से सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। चेतन चौहान भारतीय जनता पार्टी से लोकसभा सांसद भी रह चुके हैं। 1991 और 1998 के चुनाव में वह भाजपा के टिकट अमरोहा से सांसद बने थे। वर्तमान में चेतन चौहान अमरोहा जिले की नौगांवा विधानसभा के विधायक हैं।

विगत दिनों कोरोना वायरस के संक्रमण के कारण कैबिनेट मंत्री कमल रानी का निधन हो गया था। जबकि कैबिनेट मंत्री ब्रजेश के साथ ही जल शक्ति मंत्री डॉ. महेंद्र सिंह, राजेंद्र प्रताप सिंह उर्फ मोती सिंह, उपेंद्र तिवारी, जय प्रताप सिंह व धर्म सिंह सैनी भी कोरोना संक्रमित हुए थे। राज्य के भाजपा अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह भी कोरोना पॉजिटिव हुए।

सूचना मिली है कि उत्तरप्रदेश में कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों का आंकड़ा शनिवार को डेढ़ लाख के पार हो गया। बीते 24 घंटे में 4,814 नए रोगी मिलने के साथ अब तक कुल 1,50,061 मरीज मिल चुके हैं। अभी तक कुल 96,231 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं और अब एक्टिव के 51,437 हो गए हैं।

लखनऊ में 671 नये रोगी मिले है। यहां अब प्रदेश में सबसे ज्यादा 7,462 एक्टिव केस हैं। वहीं 24 घंटे में 58 और लोगों की मौत के साथ अब तक कुल 2,393 लोगों की मौत हो चुकी है।

उत्तर प्रदेश में जिन 58 लोगों की मौत हुई है उनमें लखनऊ के सबसे ज्यादा 14 लोग, सहारनपुर के पांच, कानपुर के चार, वाराणसी और प्रयागराज के तीन-तीन, गोरखपुर ,मुरादाबाद, गाजीपुर, बस्ती, हरदोई ,फर्रुखाबाद , गोंडा व अंबेडकरनगर के दो-दो और बरेली झांसी, जौनपुर ,आजमगढ़, शाहजहांपुर, उन्नाव, बहराइच, मिर्जापुर, इटावा, रायबरेली, शामली और कौशांबी का एक-एक व्यक्ति शामिल है। वही लखनऊ के बाद दूसरे नंबर पर कानपुर में 4126 एक्टिव केस और तीसरे नंबर पर 2315 एक्टिव केस गोरखपुर में हैं।