आम आदमी पार्टी के नेता संजय सिंह के खिलाफ प्रदेश के पांच जिलों में एफआईआर दर्ज। संजय सिंह ने कहा कि दम हो तो सरकार उनको गिरफ्तार करे।

संजय सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने के विरोध में सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) भी सरकार के विरोध में खड़ी हो गई है। सुभासपा के नेताओं ने 17 अगस्त को सभी जिलों में प्रदर्शन की घोषणा किया है।
 

डा. एस. के. पाण्डेय
राज्य संवाददाता
ग्लोबल भारत न्यूज नेटवर्क

लखनऊ, 15 अगस्त।
आम आदमी पार्टी के नेता, राज्यसभा सदस्य और पार्टी के उत्तरप्रदेश प्रभारी संजय सिंह समेत तीन लोगों के खिलाफ उत्तर प्रदेश के पांच जिलों में एफआईआर दर्ज की गई है। उन पर समाज को बांटने और सामाजिक समरसता बिगाड़ने वाला बयान देने का आरोप है। संजय सिंह ने प्रदेश सरकार को चुनौती देते हुए कहा है कि दम हो तो उनको गिरफ्तार करके दिखाए। संजय सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने के विरोध में सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) भी सरकार के विरोध में खड़ी हो गई है। सुभासपा के नेताओं ने 17 अगस्त को सभी जिलों में प्रदर्शन की घोषणा किया है।

उल्लेखनीय है कि लखीमपुर के कोतवाली गोला क्षेत्र के अलीगंज निवासी शिकायतकर्ता अरविंद कुमार गुप्ता की तहरीर पर संजय सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

संत कबीरनगर में बखिरा थाना क्षेत्र के बभनी गांव निवासी राधेश्याम मौर्य की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

ग्रेटर नोएडा में भी संजय सिंह समेत तीन लोगों के खिलाफ एफआइआर दर्ज की गई है। ग्रेटर नोएडा के पी-5 सेक्टर में रहने वाले सामाजिक कार्यकर्ता मो. आकिल ने मामला दर्ज कराते हुए उन पर संविधान की मर्यादाओं के विरुद्ध जातिवादी बयान देने का आरोप लगाया है।

इसके अलावा संजय सिंह और उनके दो सहयोगियों पर अलीगढ़ और मुजफ्फरनगर में भी मुकदमा दर्ज हुआ है।

आम आदमी पार्टी के नेता संजय सिंह के खिलाफ पुलिस को दी गई तहरीर में कहा गया है कि 12 अगस्त को उन्होंने अपने सहयोगी सभाजीत सिंह और बृजकुमारी के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी। इस दौरान संजय सिंह ने आरोप लगाते हुए कहा था कि उत्तर प्रदेश में लोगों को चुन-चुनकर मारा जा रहा है। ब्राह्मणों पर अत्याचार हो रहा है। उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ब्राह्मण हैं, लेकिन वह आवाज नहीं उठाते। डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य एक भी मौर्य का काम नहीं करा पाए। राष्ट्रपति दलित हैं, उन्हें भी राम मंदिर शिलान्यास में नहीं बुलाया गया। केवल ठाकुरों का काम हो रहा है। शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया कि इन लोगों ने योजनाबद्ध तरीके से समाज को जाति व धर्म के आधार पर बांटने व सामाजिक समरसता बिगाड़ने के उद्देश्य से ये बयान दिया है।

आम आदमी पार्टी (आप) के उत्तर प्रदेश प्रभारी व राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री को चाहिए मुझ जैसे खूंखार अपराधी को जल्द गिरफ्तार कराएं। दिल्ली से लेकर लखीमपुर तक मुकदमे कराए परंतु सच बोलना बंद नहीं होगा। उन्होंने कहा कि योगी सरकार की गलत कार्यशैली के कारण एक जाति को छोड़कर बाकी जातियां दुश्मन बन रही हैं।

उत्तर प्रदेश के पांच जिलों में दर्ज मुकदमों पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए आम आदमी पार्टी प्रभारी संजय सिंह ने कहा कि सरकार के खिलाफ कोई गलत सवाल नहीं उठया है। भगवान राम भी क्षत्रिय थे परंतु उन्होंने सभी जातियों को साथ लेकर चलने का काम किया था। शबरी के झूठे बेर भी खाए, निषादराज की नाव से नदी पार की थी। मुख्यमंत्री यदि सच में रामराज लाना चाहते है तो बिना भेदभाव के सबसे समान व्यवहार करें।

उन्होंने कहा कि योगी सरकार की गलत कार्यशैली के कारण एक जाति को छोड़कर बाकी जातियां दुश्मन बन रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को चाहिए मुझ जैसे खुंखार अपराधी को जल्द गिरफ्तार कराएं। दिल्ली से लेकर लखीमपुर तक मुकदमे कराए परंतु सच बोलना बंद नहीं होगा।

वहीं संजय सिंह के खिलाफ लखीमपुर, संत कबीर नगर, अलीगढ़, मुजफ्फरनगर और ग्रेटर नोएडा में मुकदमा दर्ज कराने के विरोध में सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) भी खड़ी हो गई है। राष्ट्रीय महासचिव अरुण राजभर ने भाजपा सरकार की तानाशाही पर आक्रोश जताते हुए 17 अगस्त को जिला केंद्रों पर प्रदर्शन करने की घोषणा की है।

सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने शुक्रवार को जारी बयान में आरोप लगाया कि सरकार एक जाति विशेष को सम्मान देकर बाकी जातियों को लक्ष्य बनाकर उनके अधिकारों को लूट रही है। सांसद संजय सिंह पिछड़े, दलित व अल्पसंख्यक वर्ग के अधिकार दिलाने को आवाज उठाते हैं तो उन पर मुकदमा दर्ज कर दिया जाता है। भाजपा को भारतीय झूठ पार्टी करार देते हुए राजभर ने कहा कि सरकार के मंत्री, विधायक व सांसद भी सोशल मीडिया के माध्यम से उपेक्षा होने की आवाज उठा रहे हैं।