प्रधानमंत्री के अतिरिक्त सचिव अरविंद कुमार शर्मा आज लखनऊ में भाजपा ज्वाइन करेंगे।

गुजरात कैडर के आईएएस और नरेन्द्र मोदी के विश्वासपात्र अरविन्द कुमार शर्मा उत्तरप्रदेश विधान परिषद के सदस्य बन सकते हैं। मंत्रिमंडल में भी लिये जाने की सम्भावना।
 
प्रधानमंत्री के अतिरिक्त सचिव अरविंद कुमार शर्मा आज लखनऊ में भाजपा ज्वाइन करेंगे।

डा. एस. के. पाण्डेय
राज्य संवाददाता
ग्लोबल भारत न्यूज नेटवर्क

लखनऊ, 14 जनवरी।
भारतीय प्रशासनिक सेवा से स्वैच्छिक सेवानिवृति लेकर गुजरात कैडर के आईएएस अधिकारी अरविंद कुमार शर्मा गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता लेकर उत्तर प्रदेश की राजनीति में एंट्री करेंगे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अति विश्वसनीय अधिकारी रहे अरविंद कुमार शर्मा का यूपी विधान परिषद में भी भेजे जाने की चर्चा हो रही है।

मऊ जिले के मूल निवासी अरविंद कुमार शर्मा का रिटायरमेंट वर्ष 2022 में था, लेकिन उन्होंने अचानक स्वैच्छिक सेवानिवृत्त ले लिया।

अरविंद कुमार शर्मा 1988 बैच के आईएएस अधिकारी हैं। उन्होंने 2001 से लेकर 2013 तक गुजरात में नरेंद्र मोदी के साथ विभिन्न पदों पर काम किया है। नरेंद्र मोदी जब प्रधानमंत्री बनकर दिल्ली गए तो अरविंद शर्मा उनके साथ पीएमओ आ गए थे।

सूत्रों ने बताया कि अरविंद कुमार शर्मा सेवानिवृत होने के बाद गुरुवार को लखनऊ पहुंच रहे हैं और दोपहर 12 बजे भाजपा मुख्यालय में पार्टी की सदस्यता ग्रहण करेंगे। भाजपा में शामिल होने के बाद उनका विधान परिषद में जाना भी निश्चित है।

सूत्रों का कहना है कि शर्मा की प्रशासनिक दक्षता का लाभ लेने के लिए उन्हें योगी मंत्रिमंडल में भी अहम दायित्व दिया जा सकता है।

गुजरात कैडर के 1988 बैच के आईएएस मऊ जिले में मुहम्मदाबाद गोहना तहसील के रानीपुर विकास खंड अंतर्गत काझाखुर्द गांव के रहने वाले हैं। वे स्व. शिवमूर्ति राय व शांति देवी के बड़े बेटे थे। उनकी प्रारंभिक शिक्षा स्थानीय प्राथमिक विद्यालय से हुई। इसके बाद डीएवी इंटर कालेज से इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई पूरी कर उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय में प्रवेश लिया।

इलाहाबाद विश्वविद्यालय से राजनीति शास्त्र में परास्नातक करने के बाद वर्ष 1988 में उनका चयन गुजरात कैडर में भारतीय प्रशासनिक सेवा के लिए हो गया।

अरविन्द कुमार शर्मा की एसडीएम पद पर पहली तैनाती 1989 में हुई। वह वर्ष 1995 में मेहसाणा के कमिश्नर बने। गुजरात में नरेंद्र मोदी मुख्यमंत्री बने तो उनके कार्यालय के सचिव की जिम्मेदारी एके शर्मा को मिली। वर्ष 2013 में उनको पदोन्नत कर मुख्यमंत्री के अतिरिक्त प्रमुख सचिव की जिम्मेदारी दी गई।

जून 2014 में केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर उन्हें प्रधानमंत्री कार्यालय में संयुक्त सचिव बना दिया गया और वर्तमान में वह प्रधानमंत्री कार्यालय में अतिरिक्त सचिव थे।