श्रीराम मंदिर के शिलान्यास के मौके पर मेरठ में मुस्लिम महिलाओं ने भगवान श्रीराम दरबार सजाया और आरती की।

मुस्लिम राष्ट्रीय मंच (महिला प्रकोष्ठ) की राष्ट्रीय संयोजिका शाहीन परवेज ने कहा कि हमारी सबकी पहचान श्रीराम से है और श्रीराम इमाम-ए-हिन्द हैं।

डा. एस. के. पाण्डेय
राज्य संवाददाता,
ग्लोबल भारत न्यूज नेटवर्क

लखनऊ, 5 अगस्त।
मेरठ में मुस्लिम राष्ट्रीय मंच (महिला प्रकोष्ठ) की ओर से बुधवार को अयोध्या में राम मंदिर के शिलान्यास के मौके पर मुस्लिम महिलाओं ने भगवान श्रीराम दरबार सजाया और आरती की। उन्होंने दीये भी जलाए और भगवा ध्वज लहराया।

मुस्लिम राष्ट्रीय मंच (महिला प्रकोष्ठ) की राष्ट्रीय संयोजिका शाहीन परवेज ने श्रीराम मंदिर के शिलान्यास के मौके पर भगवान श्रीराम की आरती उतारी और खुशियां मनाई। घर में दीप प्रज्वलित कर खुशियों को बांटा।

शाहीन परवेज ने कहा कि हमारी सबकी पहचान श्रीराम से है। श्रीराम हिंदू-मुसलमान सबके हैं और श्रीराम इमाम-ए-हिन्द हैं। हिन्दुस्तान की पहचान हैं। भारतीय संस्कृति की पहचान हैं। हिन्दुस्तानी मुसलमानों की पहचान श्रीराम इमाम-ए-हिंद से है। उन्होंने कहा कि हमारे देश का भाईचारा, सांप्रदायिक सौहार्द हमेशा कायम है और रहेगा। हमें कोई नहीं बांट सकता।

इसी प्रकार वाराणसी से जानकारी मिली है कि वाराणसी के लमही के इन्द्रेश नगर के सुभाष भवन में विशाल भारत संस्थान एवं मुस्लिम महिला फाउण्डेशन के संयुक्त तत्वावधान में ‘श्रीराम जन्मभूमि पूजनोत्सव’ का आयोजन सोशल डिस्टेंसिंग को ध्यान में रखते हुये किया गया।

अयोध्या से लायी गयी श्रीराम जन्मभूमि की पवित्र मिट्टी दर्शन के लिये रखी गई। सुभाष भवन को झंडियों और हनुमान ध्वजा से सजाया गया। चित्रकार रूचि सिंह द्वारा बनाये गये भगवान श्रीराम, माता जानकी, हनुमान जी के चित्रों की प्रदर्शनी लगायी गई। मुस्लिम महिलाओं द्वारा तैयार किये गये सजावटी दीपों को जलाया गया। हिन्दू-मुस्लिम महिलाओं ने मिलकर श्रीराम के भजन गाये।