उत्तर प्रदेश के बाहुबली डॉन मुख्तार अंसारी के बेटों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित।

मुख्तार अंसारी के दोनों लड़कों उम्र और अब्बास के ऊपर अवैध कब्जे, जालसाजी, साजिश रचने जैसे कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज हैं और पुलिस लम्बे अर्से से उनकी तलाश कर रही है।
 
उत्तर प्रदेश के बाहुबली डॉन मुख्तार अंसारी के बेटों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित।

डा. एस. के. पाण्डेय
राज्य संवाददाता
ग्लोबल भारत न्यूज नेटवर्क

लखनऊ, 16 सितम्बर।
उत्तर प्रदेश के बाहुबली डॉन मुख्तार अंसारी के बेटों उमर और अब्बास पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है।

उल्लेखनीय है कि मुख्तार अंसारी के दोनों लड़कों के ऊपर अवैध कब्जे, जालसाजी, साजिश रचने जैसे कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज हैं। दोनों फरार हैं और पुलिस लम्बे अर्से से उनकी तलाश में जुटी है। उनका कुछ पता न चलने पर अब उन पर इनाम घोषित किया गया है।

बताते चलें कि अगस्त के अंतिम सप्ताह में मुख्तार अंसारी का अवैध कब्जे वाला घर गिराया गया था। यह इमारत उन्होंने लखनऊ के जियामऊ में बना रखी थी। इस कार्रवाई के बाद पुलिस ने सरकारी संपत्ति पर अवैध कब्जे के आरोप में मुख्तार अंसारी और उनके बेटों उमर अंसारी एवं अब्बास अंसारी पर विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था।

लखनऊ के थाना हजरतगंज में जियामऊ इलाके के प्रभारी लेखपाल सुरजन लाल की ओर से दर्ज कराई गई एफआईआर के बाद से दोनों फरार हो गए हैं। एफआईआर में उनके ऊपर आईपीसी की धारा 120बी, 420, 467, 468, 471 और सार्वजनिक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम 1984 की धारा 3 के तहत केस दर्ज हैं।

लेखपाल ने आरोप लगाया था कि मुख्तार ने अपने बेटों के साथ मिलकर निष्क्रांत संपत्ति पर अवैध तरीके से कब्जा किया और इस पर नियम विरुद्ध निर्माण कराया। इसके अलावा इन पर फर्जी कागजों को तैयार कराने और धोखाधड़ी के चार्ज भी लगाए गए हैं।

प्रशासन ने लखनऊ के जियामऊ इलाके में मुख्तार अंसारी के बेटों उमर और अब्बास अंसारी की दो मंजिला इमारत को जमींदोज कर दिया था। यह इमारत निष्क्रांत संपत्ति पर अवैध रूप से बनाई गई थी, जिसका लखनऊ विकास प्राधिकरण में मुकदमा भी चल रहा था। इस इमारत को गिराने से पहले एक नोटिस भी भेजा गया था, जिसपर दूसरे पक्ष की ओर से कोई स्पष्टीकरण नहीं दिया गया।

इस इमारत को कुल 8000 स्क्वॉयर फीट जमीन पर बनवाया गया था। पूर्व में इस इमारत को लेकर मुख्तार अंसारी के परिवार से जवाब भी मांगा गया था। इस इमारत को गिराने के लिए विभिन्न थानों की फोर्स मौके पर पहुंची थी। इसके साथ ही 20 से अधिक जेसीबी मशीनों को भी यहां पर लगाया गया था।

इस कार्रवाई के दौरान अब्बास और उमर के कब्जे वाली दो मंजिला इमारत को जमींदोज कर दिया गया था।