5 लाख के इनामी बदमाश विकास दुबे के नोएडा में दिखने की सूचना मिलने पर पुलिस महकमे में हाई एलर्ट।

इस सूचना पर विकास दुबे की तलाश में नोएडा पुलिस ने फिल्म सिटी के आसपास चौकसी बढ़ा दी है और गाड़ियों की सघन तलाशी ली जा रही है।

डा. एस. के. पाण्डेय
राज्य संवाददाता
ग्लोबल भारत न्यूज नेटवर्क

लखनऊ, 9 जुलाई।
5 लाख के इनामी बदमाश विकास दुबे के नोएडा में दिखने की सूचना मिलने पर पुलिस महकमे में हाई एलर्ट हो गया है। 8 पुलिसवालों की हत्या का आरोपी फरार गैंगस्टर विकास दुबे अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। इस बीच विकास दुबे के नोएडा में होने की सूचना मिल रही है।

विकास दुबे के नोएडा में देखने की सूचना हरदोई निवासी सुनील ने पुलिस को दी थी। सुनील गढ़ी चौखंडी में रहता है और निजी कंपनी में जॉब करता है। सुनील ने पुलिस को बताया कि ग्रेनो वेस्ट के एक मूर्ति चौराहे से गढ़ी चौखंडी की ओर वह अपने दोस्त के साथ आ रहा था, तभी विकास दुबे एक मूर्ति चौराहे से एक टैक्सी में बैठा। उसके हाथ में बैग था और उसने शराब पी रखी थी।

इस सूचना पर विकास दुबे की तलाश में नोएडा पुलिस ने फिल्म सिटी के आसपास चौकसी बढ़ा दी है और गाड़ियों की सघन तलाशी ली जा रही है। हालांकि, पुलिस इसे रूटीन चेकिंग बता रही है लेकिन माना जा रहा है कि विकास दुबे के नोएडा आने का इनपुट मिलने के बाद ये चौकसी बढ़ाई गई है। फिल्म सिटी के जितने भी एंट्री पॉइंट हैं वहां पुलिस चेकिंग कर रही है। जितनी भी गाड़ियां फिल्म सिटी में दाखिल हो रही है उनकी तलाशी ली जा रही है।

उल्लेखनीय है कि मंगलवार को हरियाणा पुलिस टीम ने फरीदाबाद हाइवे के एक होटल में छापेमारी की थी और मौके से पुलिस ने तीन आरोपियों को हिरासत में लिया था। पुलिस को वहां विकास दुबे के भी होने का शक था। लेकिन पुलिस के पहुंचने के पहले विकास दुबे फरीदाबाद से फरार हो गया था।

उल्लेखनीय है कि मोस्ट वांटेड क्रिमिनल की लिस्ट में अब सबसे बड़ी इनामी रकम का अपराधी विकास दुबे ही है, क्योंकि उसके इनाम की रकम को बढ़ाकर अब 5 लाख कर दिया गया है। उसके ऊपर थाने के अंदर घुसकर मंत्री की हत्या का आरोप, ज़मीन के विवाद में एक प्रिंसीपल के मर्डर का आरोप और इस तरह के छोटे-बड़े अपराधों के करीब 70 मामले हैं। 8 पुलिस वालों की हत्या का ताजा मामला भी हो गया है। 3 जुलाई को इनाम 25 हज़ार रुपये से बढ़ाकर 50 हज़ार रुपये कर दिया गया था। फिर एक लाख और एक के बाद 2.5 लाख रुपये कर दिया गया था। आरोप यह भी है कि विकास दुबे एके-47 लेकर घूमता है।