मनोज तिवारी को हटाकर आदेश गुप्ता को बनाया गया दिल्ली भाजपा का प्रदेश अध्यक्ष।

दिल्ली विधानसभा चुनावों में भाजपा की करारी हार के बाद से ही मनोज तिवारी के जाने की कयासबाजी चल रही थी।

ग्लोबल भारत न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली, 2 जून।
बीजेपी के राष्ट्रीय नेतृत्व ने दिल्ली संगठन में बड़ा फेरबदल करते हुए मनोज तिवारी की जगह आदेश गुप्ता को दिल्ली में नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। इस बाबत पार्टी महासचिव अरुण सिंह की ओर से आधिकारिक लेटर जारी कर दिया गया है, जिसके अनुसार उनकी नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू होगी। आदेश गुप्ता दिल्ली के पूर्व मेयर हैं। दिल्ली चुनाव के बाद बीजेपी अध्यक्ष और सांसद मनोज तिवारी ने इस्तीफे की पेशकश की थी, लेकिन उनका इस्तीफा नामंजूर कर दिया गया था।

विष्णुदेव साय को छत्तीसगढ़ बीजेपी का बीजेपी अध्यक्ष और मणिपुर में एस टिकेंद्र सिंह को नया बीजेपी चीफ बनाया गया है। ‌तीनों प्रदेश अध्यक्षों की घोषणा पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के निर्देश पर हुई है।

फिलहाल दिल्ली सांसद और ऐक्टर मनोज तिवारी को बड़ा झटका लगा है। बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने मनोज तिवारी को पद से क्यों हटाया इसके पीछे की वजह फिलहाल साफ नहीं है। मनोज तिवारी को पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ सोमवार को लॉकडाउन के नियमों का उल्लंघन करने के आरोप में हिरासत में भी लिया गया था। वे दिल्ली में कोविड-19 को नियंत्रित करने में अरविंद केजरीवाल सरकार की नाकामी के खिलाफ प्रदर्शन करने के लिए राजघाट पर जमा हुए थे। इससे पहले भी मनोज तिवारी पर लॉकडाउन तोड़ने के आरोप लगे थे। वह क्रिकेट मैच खेलने हरियाणा पहुंचे थे। वहां उन्होंने मैच के दौरान मास्क नहीं लगाया और सोशल डिस्टेंसिंग का भी उल्लंघन किया था।

दिल्ली चुनाव में मिली करारी हार को भी मनोज तिवारी को हटाने के पीछे वजह माना जा रहा है। दिल्ली में विधानसभा चुनाव 2020 यानी इसी साल फरवरी में हुए थे। इसमें बीजेपी को कुल 8 सीट मिली थीं। पार्टी ने यह चुनाव मनोज तिवारी की अध्यक्षता में ही लड़ा था। मनोज तिवारी का कार्यकाल भी समाप्त हो रहा था।

गौरतलब है कि दिल्ली चुनाव में भाजपा के निराशाजनक प्रदर्शन के बाद से ही माना जा रहा था कि भाजपा मनोज तिवारी को दोबारा अध्यक्ष नहीं बनाएगी। चुनाव के बाद से ही इस पद के लिए लॉबिंग तेज हो गई थी। कई नेता इस पद के लिए अपना प्रयास कर रहे थे। पार्टी के सूत्रों का ये भी कहना है कि अगर तिवारी को प्रदेश अध्यक्ष पद पर दोबारा मौका नहीं दिया गया है तो उन्हें दूसरी बड़ी जिम्मेदारी दी जा सकती है। क्योंकि वे पार्टी के स्टार प्रचारक है और दिल्ली में पूर्वांचली चेहरा भी हैं। फिलहाल यह परिवर्तन आने वाले एमसीडी चुनाव को ध्यान में रखकर भी किया गया है।

बीजेपी ने जिसे दिल्ली का नया प्रदेश अध्यक्ष बनाया है उनका नाम आदेश गुप्ता है। आदेश गुप्ता एक साल पहले तक नॉर्थ एमसीडी के मेयर रह चुके हैं। माना जा रहा है कि बीजेपी ने यह चेहरा व्यापारी वर्ग को खुश करने के लिए आगे किया है। मनोज तिवारी को हटाकर बीजेपी ने जमीनी और दिल्ली से जुड़े नेता को अध्यक्ष बनाया है, जिसकी मांग काफी समय से चल रही थी। आदेश गुप्ता सामान्य मध्यम परिवार से ताल्लुक रखते हैं और एक समय तो ट्यूशन पढ़ाकर अपना घर चलाते थे। आदेश गुप्ता नॉर्थ एमसीडी के पूर्व मेयर रह चुके हैं और वर्तमान में पार्षद हैं। बताया जा रहा है कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने उन्हें दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष पद पर नियुक्त किया है।