विदेशों में अच्छी नौकरी के रंगीन सपने दिखाकर मानव तस्करी करने वाली महिला गिरफ्तार

शाहीन ज्यादातर महिलाओ की तस्करी करती थी, जिनको विदेश में नौकरी का लालच दिया जाता था। इसके साथ ही उन महिलाओं को रंगीन जिंदगी के सपने दिखाए जाते थे, जिसकी वजह से महिलाएं शाहीन के चंगुल में फंस जाती थी।
 

ग्लोबल भारत न्यूज नेटवर्क

कानपुर, 25 सितंबर:- उत्तर प्रदेश के कानपुर में महिला तस्करी का खुलासा हुआ है, एक महिला तस्कर के गिरफ्तार होने के बाद महिलाओं की तस्करी को लेकर चौंकाने वाली बातें सामने आईं। दरअसल विदेश में नौकरी दिलवाने का लालच देकर ये काम किया जा रहा था। पकड़ी गई आरोपी महिला अपने पति के साथ विदेश भागने की फिराक में थी, इससे पहले पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पकड़ी गई महिला तस्कर के ऊपर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

पुलिस के अनुसार- पुलिस के अनुसार शाहीन नामक महिला बड़े पैमाने पर मानव तस्करी का काम करती थी, जिसमे से ज्यादातर महिलाएं होती थी जिनको विदेश में नौकरी का लालच दिया जाता था। इसके साथ ही उन महिलाओं को रंगीन जिंदगी के सपने दिखाए जाते थे। जिसकी वजह से महिलाएं शाहीन के चंगुल में फंस जाती थी, शाहीन की पुलिस को लंबे समय से तलाश थी। शाहीन का पति किसी अन्य मामले में गिरफ्तार हुआ था। वह हाल ही में जमानत पर छूटा है, दोनों पति- पत्नी विदेश भागने की तैयारी में थे।

20 महिलाओं की कर चुकी है तस्करी- शाहीन अभी तक तकरीबन 20 महिलाओं को ओमान, कुवैत, सऊदी अरब जैसे देशों में भेज चुकी हैं। यहां से जाने के बाद विदेश में मौजूद एजेंट इन महिलाओं पर जुल्म करते थे, वह उनके पासपोर्ट, वीजा जब्त करके शेखों के घर मे काम के लिए भेज देते थे। साल 2022 में पुलिस कई महिलाओं को विदेशों से वापस ले आई थी। जिसके बाद ओमान में फंसी गोआ की रहने वाली एक महिला ने कानपुर के डीसीपी क्राइम सलमान ताज पाटिल को वॉइस मैसेज भेजकर वतन वापस बुलाने की गुहार लगाई थी, जिसमे बाद पुलिस की संयुक्त कार्यवाही में शाहीन को गिरफ्तार कर लिया गया।