माँ की मौत के बाद पिता बन रहा था प्रेम संबंध में बाधा, पुत्री ने प्रेमी संग मिलकर की हत्या

पुलिस की पूछताछ में बताया कि लड़की के पिता की कई दिनों से रेकी कर रहा था। वारदात की रात वह काम से घर लौट रहे थे, इसी दौरान मौका देखकर उसने पीछे से सरिया से उनके सिर पर वार कर दिया। वहीं मौत होने के बाद दोनों ने शव को एक खाली प्लाट में ठिकाने लगा दिया था। पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह खुद एक गेस्टहाउस में चौकीदारी करता है।
 
Crime

ग्लोबल भारत न्यूज़ नेटवर्क

क्राइम, 15 जनवरी:- प्रेम संबंधों में बाधा बन रहे एक पिता की लड़की के प्रेमी ने हत्या कर दी, पिता की हत्या में लड़की ने भी अपने प्रेमी का साथ दिया और हत्या के बाद दोनों ने शव को छिपा दिया था। ग्रेटर नोएडा के जेवर में यह वारदात करीब एक सप्ताह पहले की है, सूचना मिलने पर पुलिस ने मामले की जांच करते हुए दो दिन पहले आरोपी को गिरफ्तार किया है। वहीं उसके कब्जे से पुलिस ने लड़की को भी बरामद किया है, पुलिस की पूछताछ में दोनों ने पूरी वारदात कबूल की है। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या, हत्या की साजिश और सबूत मिटाने के आरोप में केस दर्ज कर आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। वहीं लड़की को बाल सुधार गृह भेजा गया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी की पहचान हरेंद्र सिंह (20) के रूप में हुई है। जबकि लड़की महज 16 साल की है, आरोपी लड़की ने पुलिस की पूछताछ में बताया कि करीब 15 दिन पहले ही उसकी मां की लंबी बीमारी की वजह से मौत हो गई थी। उसके बाद से वह आरोपी लड़के के साथ शादी करना चाहती थी। लेकिन उसके प्रेम संबंधों में उसके पिता बाधा बन रहे थे। ऐसे में उसने अपने प्रेमी के साथ मिलकर 10 जनवरी की रात उनकी हत्या कर दी है।

वहीं आरोपी ने पुलिस की पूछताछ में बताया कि लड़की के पिता की कई दिनों से रेकी कर रहा था। वारदात की रात वह काम से घर लौट रहे थे, इसी दौरान मौका देखकर उसने पीछे से सरिया से उनके सिर पर वार कर दिया। वहीं मौत होने के बाद दोनों ने शव को एक खाली प्लाट में ठिकाने लगा दिया था। पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह खुद एक गेस्टहाउस में चौकीदारी करता है। उसने बताया कि काफी समय से वह लड़की के संपर्क में है और दोनों एक दूसरे से शादी करना चाहते थे, लेकिन लड़की के पिता नहीं चाहते थे कि दोनों के बीच किसी तरह का संबंध रहे, संयोग से इसी बीच लड़की की मां की मौत हो गई। ऐसे में उसके पिता जल्द से जल्द उसकी शादी कहीं और करना चाहते थे। पुलिस ने बताया कि 11 जनवरी को एक लावारिश शव मिला था। पुलिस ने शव की शिनाख्त कराई और मामले की जांच पड़ताल की तो पहला शक आरोपी पर हुआ, इसके बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो पूरा मामला खुल कर सामने आ गया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लड़की को भी बरामद कर लिया। एसीपी ग्रेटर नोएडा रुद्र कुमार सिंह ने बताया कि पिता की हत्या में लड़की की भूमिका की भी जांच कराई जा रही है, पुलिस के मुताबिक संदेह के आधार पर लड़की का नाम भी केस में शामिल कर लिया गया है।