साक्षी हत्याकांड में नए किरदार झबरू की एंट्री, आरोपी साहिल ने बताया...

साहिल ने पूछताछ में बताया कि साक्षी का अजय उर्फ झबरू नाम के दबंग लड़के से अफेयर हो गया था, झबरू ने उससे कहा कि तुम साक्षी से दूर हो जाओ। साहिल ने बताया कि जब उसको लगने लगा था कि झबरू उसे मार देगा, इसलिए क्यों न मैं साक्षी को ही मार दूं। झबरू के चलते ही साक्षी मुझसे दूर चली गई थी।
 
Sakshi murder case

ग्लोबल भारत न्यूज़ नेटवर्क

क्राइम, 30 मई:- साक्षी हत्याकांड में अब नए किरदार की एंट्री हुई है। साहिल, प्रवीण के बाद अब अजय उर्फ झबरू नाम सामने आया है। साहिल ने पूछताछ में बताया कि साक्षी का अजय उर्फ झबरू नाम के दबंग लड़के से अफेयर हो गया था, झबरू ने उससे कहा कि तुम साक्षी से दूर हो जाओ। साहिल ने बताया कि जब उसको लगने लगा था कि झबरू उसे मार देगा, इसलिए क्यों न मैं साक्षी को ही मार दूं। झबरू के चलते ही साक्षी मुझसे दूर चली गई थी।


दिल्ली पुलिस सूत्रों के मुताबिक- दिल्ली पुलिस ने बताया आरोपी साहिल पूछताछ में कई नई-नई बातें बता रहा है और अपना बयान भी बदल रहा है। पुलिस ने बताया कि साक्षी की हाल में ही अजय उर्फ झबरू नाम के एक लड़के से दोस्ती हुई थी। झबरू इलाके का एक दबंग लड़का है, वारदात के एक दिन पहले साक्षी की दोस्त भावना, खुद साक्षी और झबरू मिले थे और तीनों की कहासुनी साहिल से हुई थी। इसी कहासुनी में झबरू ने साहिल को धमकाया था कि वो साक्षी से दूर रहे, और इस बात को लेकर साहिल के अंदर काफी ज्यादा गुस्सा था। लिहाजा उसने सोचा कि क्यों न साक्षी को ही रास्ते से हटा दिया जाए। हालांकि पुलिस अधिकारियों का कहना है कि उसके बयानों की तस्दीक की जा रही है कि आरोपी सही बोल रहा है या झूठ। दो दिन की पुलिस रिमांड पर पुलिस इस मामले की सभी कड़ियां जोड़ने की कोशिश करेगी।

पुलिस मामले की जांच में जुटी- सोमवार रात में पुलिस की एक टीम चाकू बरादम करने के लिए गई भी थी, लेकिन चाकू नहीं मिल सका। हो सकता है कि अब रिमांड मिलने के बाद पुलिस की टीम साहिल को लेकर उस जगह पर जाए, जहां उसने चाकू फेंका है। वहीं पुलिस ने बताया कि हमें साहिल ने पूछताछ में साक्षी के एक और एक्स ब्वॉयफ्रेंड के बारे में बताया जिसका नाम प्रवीण है। साहिल ने बताया कि जब उसके और साक्षी के बीच लड़ाई-झगड़ा काफी बढ़ गया था तो साक्षी फिर से प्रवीण से बात करने लगी थी। वह घंटों-घंटों प्रवीण से बिजी रहती थी, जिसकी वजह से उसको गुस्सा आता था। वह साक्षी से कहता था कि प्रवीण से बात मत करना, सेकिन साक्षी उसकी बात को इग्नोर कर देती थी। पुलिस ने बताया कि प्रवीण अभी जौनपुर में है। प्रवीण के नाम का टैटू भी साक्षी ने अपने हाथ पर बनाया हुआ था।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आई क्रूरता- दरिंदे ने चाकू से ताबड़तोड़ करीब 20 बार गोदकर किशोरी की हत्या कर दी और लोग तमाशबीन बने रहे। साक्षी (16) के सिर पर साहिल (20) ने पत्थर से भी छह बार वार किए। फिर उसे लात मारकर निकल गया। पुलिस ने उसे सोमवार को बुलंदशहर से गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट में साक्षी के शरीर पर चाकू के 16 घाव मिले हैं और खोपड़ी भी टूटी पाई गई है।

कौन है साक्षी का बेरहमी से कत्ल करने वाला साहिल- 20 साल का साहिल पेशे से एसी मैकेनिक है, और साहिल और साक्षी एक-दूसरे को पहले से जानते थे। पुलिस के अनुसार, साहिल और साक्षी एक रिश्ते में थे। साक्षी शाहबाद डेयरी के ई ब्लॉक में अपनी दोस्त का इंतजार कर रही थी। आपको बता दे कि जिस गली में यह सनकी साहिल चाकू मार रहा था, वहां करीब 5-6 लोग और 3-4 महिलाएं दिखाई दे रही होती हैं। लेकिन किसी ने उसे हमलावर को रोकने की जहमत नहीं उठाई। एक शख्स ने चाकूबाज को रोकने की कोशिश भी की लेकिन बाद में वह भी भाग गया।