सुशांत गोल्फ सिटी क्षेत्र में मामूली विवाद में दबंगों ने फायरिंग और पथराव किया, जिसमें कई युवक और महिलाएं घायल।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बाइक-स्कूटी में टक्कर होने पर दबंगों ने दो युवकों विशाल रावत व राजेश कुमार का घर तक पीछा किया और उनके गेट पर ही कई राउंड फायरिंग और पथराव करके फरार हो गए।
 
सुशांत गोल्फ सिटी क्षेत्र में मामूली विवाद में दबंगों ने फायरिंग और पथराव किया, जिसमें कई युवक और महिलाएं घायल।

डाo शक्ति कुमार पाण्डेय
विशेष संवाददाता
ग्लोबल भारत न्यूज नेटवर्क

लखनऊ, 13 जून।

सुशांत गोल्फ सिटी क्षेत्र में मामूली विवाद में दबंगों ने फायरिंग और पथराव किया, जिसमें कई युवक और महिलाएं घायल हो गईं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बाइक-स्कूटी में टक्कर होने पर दबंगों ने दो युवकों विशाल रावत व राजेश कुमार का घर तक पीछा किया और उनके गेट पर ही कई राउंड फायरिंग और पथराव करके फरार हो गए।

घायल विशाल व राजेश को ट्रॉमा सेन्टर में भर्ती कराया गया जहां राजेश की हालत ज्यादा गम्भीर बनी हुई है। एहतियात के तौर इलाके में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। हमलावरों की तलाश में कई जगह दबिश दी गई है।

हरिहरपुर निवासी बजरंग रावत प्रापर्टी डीलर हैं। उनके भाई विशाल की शनिवार को वैवाहिक वर्षगांठ थी। घर पर आयोजन की तैयारी चल रही थी। विशाल के कहने पर भांजा दिलीप और पड़ोसी शिवा गौतम केक लेने गए थे।

शिवा ने बताया कि घर लौटते समय बाइक सवार दो युवकों ने उनकी स्कूटी में टक्कर मार दी। इस पर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। बवाल बढ़ता देख शिवा व दिलीप वहां से भाग निकले।

इस बीच ही बाइक सवारों ने अपने परिचित बच्चा यादव को फोन कर कई लोगों के साथ आने को कहा और खुद शिवा व दिलीप का पीछा करते हुए हरिहरपुर गांव पहुंच गये। तब तक रेवतापुर गांव निवासी बच्चा यादव भी दो दर्जन साथियों के साथ वहां पहुंच गया।

उधर शिवा ने विशाल को इस घटना के बारे में बताया। इस पर विशाल वैवाहिक वर्षगांठ छोड़ कर बजरंग के साथ बाहर आ गया। कुछ समझने से पहले ही बच्चा व उसके साथियों ने उस पर हमला बोल दिया। उन लोगों ने शोर मचाया तो दबंगों ने कई राउण्ड फायरिंग कर दी।

घटना के बाद पड़ोसी राजेश कुमार मदद के लिये बाहर आये और अन्य लोगों को बुलाने लगे। इस पर बच्चा यादव व उसके साथियों ने विशाल रावत उर्फ नौमी व राजेश को भी गोली मार दी। राजेश के सीने और विशाल के हाथ में गोली लगी। दोनों वहीं गिर पड़े।

विशाल की पत्नी सरिता के मुताबिक हमला होते देख वह भी घर से बाहर आ गईं थीं। पड़ोस की महिलायें भी मदद के लिये आयी और शोर मचाने लगी। इस पर दबंगों ने पथराव कर दिया।

इस पथराव में सरिता, भांजा दिलीप, बजरंग रावत व एक अन्य व्यक्ति गम्भीर रूप से घायल हो गये।

इंस्पेक्टर विजयेन्द्र सिंह के मुताबिक गाड़ी टकराने को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हुआ है। इन पक्षों के बीच पहले से मुकदमे बाजी चल रही है। आरोपी बच्चा यादव व उसके साथियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें दबिश दे रही हैं।

बजरगंज रावत के मुताबिक वर्ष 2013 में उनके पिता भीखा रावत की गोली मार कर हत्या की गई थी। आरोपियों ने भीखा को चाकू से गोदा भी था। पिता की हत्या में रेवतापुर गांव निवासी बच्चा यादव के परिवार के लोगों पर आरोप लगा था। जिसका मुकदमा दर्ज कराया गया था।

बजरंग के मुताबिक आरोपी लम्बे समय से उन लोगों पर समझौता करने का दबाव बना रहे थे। पर, वह लोग इसके लिये राजी नहीं हो रहे थे। इस वजह से ही दबंग उन पर हमला करने का बहाना खोज रहे थे। इसी कड़ी में उन्होंने बाइक-स्कूटी टक्कर का विवाद बनाकर यह हमला किया।

एक घायल ने पुलिस और अपने परिचितों को फोन पर सूचना दी। इस पर ही कई थानों की पुलिस वहां पहुंची। एहतियात के तौर पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस कमिश्नर डीके ठाकुर ने बताया कि हमलावरों की तलाश में दबिश दी जा रही है। बच्चा यादव के कुछ परिचितों की भी कॉल डिटेल खंगाली जा रही है।