पीजीआई थाना के चिरैयाबाग निवासी भूमाफिया रामसिंह यादव की 83 करोड़ 16 लाख की संपत्ति जब्त।

पुलिस कमिश्नर सुजीत पाण्डेय ने बताया कि अपराधी राम सिंह यादव के खिलाफ गैंगस्टर और गुंडा एक्ट की भी कार्रवाई हो चुकी है और उस पर आईपीसी की गम्भीर धाराओं में 25 से ज़्यादा मामले दर्ज हैं।

डा. एस. के. पाण्डेय
राज्य संवाददाता
ग्लोबल भारत न्यूज नेटवर्क

लखनऊ, 9 अक्टूबर।
राजधानी पुलिस ने चिरैयाबाग पीजीआई निवासी भूमाफिया रामसिंह यादव की 83 करोड़ 16 लाख की संपत्ति जब्त कर लिया। उसके खिलाफ 14 मुकदमें मोहनलालगंज कोतवाली और 11 मुकदमे पीजीआई कोतवाली में पहले से दर्ज थे। जिनमें जमीनों पर कब्जे से लेकर हत्या, लूट, डकैती समेत अन्य अपराध शामिल थे।

योगी सरकार माफियाओं अपराधियों के खिलाफ लगातार शिकंजा कस रही है। मुख्तार, अतीक और खान मुबारक के बाद अब माफिया राम सिंह यादव पर कार्रवाई शुरू हुई है।

रामसिंह की सपा सरकार में अच्छी खासी पैठ थी। उस समय उसने अथाह सम्पत्ति अर्जित किया था। फॉर्च्यूनर समेत अन्य लग्जरी गाडियों से चलता था।

लखनऊ कमिश्नर सुजीत पाण्डेय ने बताया कि अपराधी राम सिंह यादव के खिलाफ गैंगस्टर और गुंडा एक्ट की भी कार्रवाई हो चुकी है। राम सिंह यादव पर आईपीसी की गंभीर धाराओं में 25 से ज़्यादा मामले दर्ज हैं। पुलिस राम सिंह यादव के अन्य आपराधिक इतिहास की जांच में जुटी थी।

जांच में यह पाया गया है कि राम सिंह यादव ने आपराधिक पृष्ठभूमि से संपत्ति बनाई है। पीजीआई पुलिस को कार्रवाई के लिए आदेश दिये गये था।

गुरुवार को पुलिस ने उसके मकान, बैंक खाते, ज़मीन, फॉर्म हाउस, एलडीए प्लाट आदि जब्त कर लिये। इसकी कीमत 83 करोड़ 16 लाख की बताई गई। इससे पहले यूपी पुलिस मुख्तार अंसारी, अफजाल अंसारी, अतीक अहमद, खान मुबारक, अजय सिपाही आदि पर कार्रवाई कर चुकी है। पुलिस ने अलीशान बंगलों पर भी बुल्डोजर चलवा दिया। अब तक भूमाफियाओं की करोड़ों की संपत्ति जब्त की जा चुकी है।