गोंडा नगर कोतवाली के बेनीनगर में दबंगों द्वारा एक महिला को केरोसिन डालकर जिंदा जलाने का प्रयास।
डा. एस. के. पाण्डेय
राज्य संवाददाता
ग्लोबल भारत न्यूज नेटवर्क
लखनऊ, 7 मार्च।
गोंडा नगर कोतवाली के बेनीनगर में कुछ दिन पूर्व दबंगों ने एक महिला को केरोसिन डालकर जिंदा जलाने का प्रयास किया था।
इस बात की जानकारी शनिवार को महिला का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस को हुई।
जानकारी होते ही पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी।
बेनीनगर निवासी श्रीराम ने बताया कि पहली मार्च को उसकी पत्नी श्रीदेवी (50) रात में 11 बजे शौच के लिए घर से बाहर गई थी। तभी वह संदिग्ध परिस्थितियों में जलकर गई थी।
महिला को इलाज के लिए लखनऊ रेफर कर दिया गया था। उस समय वह बोलने की स्थिति में नहीं थी।
महिला का इलाज लखनऊ के डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी अस्पताल में चल रहा है।
शनिवार की शाम जब महिला बोलने लायक हुई तो उसका वीडियो वायरल हुआ। इस वीडियो में पीड़िता ने खुले तौर पर आरोप लगाया कि शौच से वापस आते समय रास्ते में गांव के ही तीन लोगों ने उसे पकड़कर केरोसिन डालकर आग लगा दी। उसने तीनों का नाम भी बताया और कहा कि आरोपित गांव के ही दबंग लोग हैं।
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस अधीक्षक शैलेश कुमार पांडेय ने कहा कि घटना पहली मार्च की है। उस वक्त किसी ने यह नहीं बताया था कि घटना को किसने किया है।
उन्होंने कहा कि शनिवार को महिला का वीडियो वायरल हुआ है। अब पहले से अज्ञात में दर्ज मुकदमे में संबंधित आरोपितों का नाम शामिल करके कार्रवाई करने को कहा गया है।