लखनऊ में नेपाल की किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म‌। महानगर पुलिस ने चार को गिरफ्तार किया।

डीसीपी उत्तरी ने बताया कि महानगर के एक मिशनरी स्कूल का नेपाली सुरक्षाकर्मी उप्रेता कुमार रसेल नौकरी के नाम पर नेपाल से लड़कियों को फंसाकर लखनऊ लाता है।
 
लखनऊ में नेपाल की किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म‌। महानगर पुलिस ने चार को गिरफ्तार किया।

डा. एस. के. पाण्डेय
राज्य संवाददाता
ग्लोबल भारत न्यूज नेटवर्क

लखनऊ, 15 जनवरी।
राजधानी लखनऊ में एक सनसनीखेज मामला सामने आया, जिसमें एक नेपाल की किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म किया गया है।

मामला प्रकाश में आते ही पुलिस महकमा हरकत में आ गया और केस दर्ज कर तत्काल मुख्य आरोपी सहित चार को दबोच लिया गया।

महानगर पुलिस के अनुसार, किशोरी से दुष्कर्म करने वालों में कुछ रसूखदार व्यापारी, डॉक्टर आदि के नाम भी आ रहे हैं। पुलिस उनके खिलाफ भी कार्रवाई करेगी। फिलहाल सभी गिरफ्तार आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।

डीसीपी उत्तरी रईस अख्तर के मुताबिक, नेपाल की रहने वाली किशोरी ने महानगर थाने में देर रात तहरीर दी, जिसमें महानगर क्षेत्र में संचालित एक मिशनरी स्कूल के सुरक्षाकर्मी उप्रेता कुमार रसेल उर्फ छोटू पर दुष्कर्म का आरोप लगाया। उप्रेता उर्फ छोटू नेपाल के पिवठान जिले के खंगला स्थित तुसारा का रहने वाला है।

पीड़िता का कहना है कि वह नेपाल में अपनी मां, भाई व बहन के साथ रहती है। उसने आरोप लगाया कि उप्रेता कुमार रसेल उर्फ छोटू उसे नेपाल से नौकरी दिलाने के नाम पर वह लखनऊ लाया। आर्थिक तंगी के कारण वह उसके झांसे में आ गई। उप्रेता कई दिनों तक उसके साथ दुष्कर्म करता रहा। इसी बीच अपने कई करीबियों से भी दुष्कर्म कराया। इसमें कुछ तथाकथित प्रतिष्ठित लोग भी शामिल हैं।

पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर उप्रेता व तीन अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। इसके बाद आरोेपियों की तलाश शुरू की और मिशनरी स्कूल के सुरक्षाकर्मी उप्रेता उर्फ छोटू को गिरफ्तार किया। उससे पूछताछ में नाम आने के बाद पुराना महानगर के जीतू कश्यप, अलीगंज के पांडेय टोला का अजय कुमार उर्फ बबलू उर्फ बबली यादव और महानगर सेक्टर ए का वरुण तिवारी को भी गिरफ्तार कर चारों को जेल भेज दिया।

पीड़िता के मुताबिक, दुष्कर्म के बाद वह गर्भवती हो गई थी। इसी बात को लेकर दो दिन से उप्रेता से मिलना चाहती थी लेकिन वह अब मिलने से मना कर रहा था। बीती शाम को वह एक बार फिर मिलने का प्रयास किया तो छोटू ने उसकी पिटाई कर दी। इसके बाद पीड़िता ने महानगर थाने पहुंचकर केस दर्ज कराया।

पीड़िता के मुताबिक वह गोमतीनगर के विशाल खंड में किराए रहती है। वहीं पर छोटू भी आता जाता था। इसी दौरान उसने दुष्कर्म किया। पीड़िता का आरोप है कि जब उसे गर्भवती होने की जानकारी हुई और उसने इसकी सूचना छोटू को दी तो छोटू गर्भपात कराने के लिए दबाव बना रहा था। जिसकी शिकायत गोमतीनगर थाने में की गई। लेकिन वहां की पुलिस ने उसकी बात नहीं सुनी।

इसी बीच महानगर थाना क्षेत्र में छोटू ने उसकी पिटाई कर दी, जिसके बाद महानगर थाने गई। तो तत्काल मुकदमा दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार करने की कार्रवाई शुरू कर दी गई।

पुलिस के मुताबिक इस मामले में कई रसूखदारों के नाम भी सामने आये हैं। पता चला है कि उप्रेता नेपाल की युवतियों व किशोरियों को नौकरी का झांसा देकर लखनऊ लाता था। उसके बाद कुछ कोठियों में रसूखदारों के साथ सोने के लिए मजबूर करता था। इसका खुलासा छोटू से पूछताछ के बाद हुआ। छोटू ने ऐसे कई रसूखदारों के नाम लिये हैं, जिन्होंने किशोरी के साथ दुष्कर्म किया है। पुलिस उनके खिलाफ भी कार्रवाई करने जा रही है।