उत्तरप्रदेश बीज विकास निगम के उपाध्यक्ष को सहायक अधिकारी ने जान से मारने की धमकी दी।

प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि उत्तरप्रदेश बीज विकास निगम के उपाध्यक्ष की रिपोर्ट के आधार पर मामले में जांच करके कार्रवाई की जा रही है।
 
उत्तरप्रदेश बीज विकास निगम के उपाध्यक्ष को सहायक अधिकारी ने जान से मारने की धमकी दी।

डा. एस. के. पाण्डेय
राज्य संवाददाता
ग्लोबल भारत न्यूज नेटवर्क

लखनऊ, 22 सितम्बर।
उत्तर प्रदेश बीज विकास निगम के उपाध्यक्ष को बख्शी का तालाब में स्थित बीज विकास निगम के सहायक भंडार अधिकारी शकील अहमद ने जान से मारने की धमकी दी है।

बीज विकास निगम के उपाध्यक्ष की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।

उत्तर प्रदेश बीज विकास निगम के उपाध्यक्ष राजेश्वर सिंह ने बीकेटी थाने में सोमवार की शाम दी गई तहरीर में आरोप लगाया कि वह 19 सितंबर को बख्शी का तालाब में स्थित बीज विकास निगम के भंडार और गोदाम का निरीक्षण करने गए थे, जहां भंडार अधिकारी शकील अहमद नहीं मिले।

करीब दो घंटे इंतजार करने के बाद भी जब सहायक भंडार अधिकारी शकील अहमद गोदाम पर नहीं आए तो उन्होंने परियोजना अधिकारी एके राव के फोन से शकील अहमद से बात की।

बातचीत के दौरान शकील अहमद लगातार जल्द ही गोदाम पर पहुंचने की बात करते रहे लेकिन काफी देर तक जब शकील गोदाम पर नहीं पहुंचे तो दोबारा एके राव के फोन से शकील अहमद से वार्ता की।

इस बार शकील अहमद ने फोन पर ही निगम के उपाध्यक्ष से अभद्रता करते हुए गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी दी। तहरीर में लगाए गए राजेश्वर सिंह के आरोपों के मुताबिक, शकील अहमद ने उन्हें गोदाम का निरीक्षण करने पर अंजाम भुगतने के लिए तैयार रहने को कहा और धमकी दी कि उनका हश्र कमलेश तिवारी जैसा होगा।

बीज विकास निगम के उपाध्यक्ष राजेश्वर सिंह की तहरीर पर बीकेटी थाने में रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।

प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है, जांच के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।