तुलसीसदन में मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का भव्य रूप से हुआ आयोजन
अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक पहुंचे न्याय और योजनाओं का लाभ-प्रभारी जिला जज

प्रभारी जिला जज व न्यायिक अधिकारियों ने योजनाओं के लाभार्थियों स्वीकृति/प्रमाण पत्र का किया वितरण
गौरव तिवारी ब्यूरो चीफ प्रतापगढ़।
प्रतापगढ़। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण एवं उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, प्रतापगढ़ के तत्वावधान में रविवार को तुलसीसदन (हादीहाल) में वृहद विधिक जागरूकता, सहायता एवं सेवा शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि प्रभारी जनपद न्यायाधीश/अपर जिला जज प्रथम जितेन्द्र कुमार द्विवेदी ने दीप प्रज्ज्वलित एवं मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर किया। कार्यक्रम में प्रभारी जनपद न्यायाधीश जितेन्द्र कुमार द्विवेदी, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण शांभवी सहित अन्य न्यायिक अधिकारियों ने विभिन्न विभागों द्वारा लगायी गयी प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने विभागीय अधिकारियों से संचालित योजनाओं, उनके क्रियान्वयन तथा लाभान्वित लाभार्थियों की जानकारी ली। साकेत गर्ल्स इंटर कॉलेज की छात्राओं ने स्वागत प्रस्तुति दी, जबकि आत्रेय एकेडमी के बच्चों ने आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किये।
वृहद सेवा शिविर में विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र, स्वीकृति पत्र एवं सहायता राशि से संबंधित दस्तावेज वितरित किये गये। पांच दिव्यांग लाभार्थियों को ट्राईसाइकिल प्रदान की गयी। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को 15 करोड़ रुपये का डेमो चेक प्रदान किया गया। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के दो लाभार्थियों को पांच-पांच लाख रुपये तथा मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के एक लाभार्थी को 25 लाख रुपये का डेमो चेक दिया गया। श्रम विभाग की कन्या विवाह सहायता योजना के दो लाभार्थियों को 65 हजार रुपये की सहायता राशि के प्रमाण पत्र तथा मातृत्व, शिशु एवं बालिका मदद योजना के लाभार्थियों को 26 हजार रुपये की सहायता राशि के प्रमाण पत्र वितरित किये गये। पांच लाभार्थियों को आयुष्मान गोल्डेन कार्ड प्रदान किये गये। प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी 2.0, प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण एवं मुख्यमंत्री आवास योजना-ग्रामीण, पीएम स्वनिधि, व्यक्तिगत शौचालय तथा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र प्रदान किये गये। आरसेटी प्रतापगढ़ में बकरी पालन का प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले लाभार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किये गये। समाज कल्याण विभाग की शादी अनुदान, वृद्धावस्था पेंशन एवं पारिवारिक लाभ योजना के दो-दो लाभार्थियों को प्रमाण पत्र तथा मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना सामान्य एवं मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना के दो-दो लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र प्रदान किये गये। वहीं कौशल विकास मिशन के दो अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किये गये। मेगा शिविर अभियान के दौरान कुल 52395 व्यक्तियों को कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने हेतु चिन्हित किया गया जिसमें 36562 लोगों को सरकार की कल्याणकारी योजना से जुड़ाव कराया गया, आज के कार्यक्रम में कुल 256 व्यक्तियों को सरकारी योजनाए और प्रमाण पत्र वितरित किया गया।
मुख्य अतिथि प्रभारी जनपद न्यायाधीश जितेन्द्र कुमार द्विवेदी ने कहा कि विधिक सेवा प्राधिकरण का उद्देश्य समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक न्याय एवं सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पात्र लाभार्थियों की पहचान कर उन्हें सरकार की कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ा जाए, ताकि कमजोर, निर्धन एवं वंचित वर्ग को वास्तविक सहायता मिल सके। उन्होंने कहा कि जागरूकता के अभाव में पात्र लोगों तक योजनाओं की जानकारी नहीं पहुंच पाती है। इसलिए सभी विभागीय अधिकारी अपनी-अपनी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करें और पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाना सुनिश्चित करें। उन्होंने बैंक समन्वयकों से कहा कि लाभार्थियों को अनुदान उपलब्ध कराने में जिस प्रकार उदारता दिखाई जाती है, उसी प्रकार उसकी वसूली में भी उदारता एवं मानवीय दृष्टिकोण अपनाया जाए। उन्होंने शिविर के सफल आयोजन के लिए प्रशासनिक अधिकारियों की सराहना की।
इस अवसर पर अपर जिला जज हेमन्त कुमार, अपर जिला जज छोटे लाल यादव, अपर जिला जज राजीव रंजन एवं परियोजना निदेशक डीआरडीए दयाराम यादव ने भी अपने विचार व्यक्त किये। लीगल एड डिफेंस काउंसिल महावीर यादव ने उपस्थित लोगों को विधिक सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया की जानकारी दी। सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण शांभवी ने अतिथियों एवं आयोजन में सहयोग करने वाले अधिकारियों का आभार व्यक्त किया।
मेगा/बृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर कार्यक्रम में जिला कारागार, खादी ग्रामोद्योग विभाग, महिला कल्याण विभाग, बड़ौदा स्व्रोजगार विकास संस्थान, समाज कल्याण विभग, पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग, दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग, दुग्धशाला विकास विभाग, उद्योग विभाग, पशुपालन विभाग, बेसिक शिक्षा विभाग, उद्यान विभाग, कृषि विभाग, स्वास्थ्य विभाग, पंचायती राज विभाग, श्रम विभाग, बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, डूडा विभाग, उ0प्र0 कौशल विकास मिशन, पालीटेक्निक, डाक विभाग द्वारा प्रदर्शनी लगायी गयी जिसका अवलोकन कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों व आमजन मानस ने किया।
इस अवसर पर अपर जिला जज पाक्सो अतीफ शमीम, अपर जिला जज एफटीसी अंकिता दूबे, एडिशनल चीफ ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट विराट मणि त्रिपाठी, सिविल जज सीनियर डिविजन मीनाक्षी यादव, सिविल जज शान्तनु, सिविल जज देवेश कुमार, सिविल जज आरूष, सिविल जज आशीष त्रिपाठी, सिविल जज यथार्थ विक्रम, सिविल जज रंजना, सिविल जज अर्पित राज, सिविल जज निधि सागर, सिविल जज आकाश, सिविल जज सुनील कुमार सहित अन्य न्यायिक अधिकारी गण एवं उप कृषि निदेशक अश्विनी कुमार सिंह, जिला कृषि अधिकारी अशोक कुमार, जिला समाज कल्याण अधिकारी नागेन्द्र कुमार मौर्य, जिला पंचायत राज अधिकारी श्रीकान्त दर्वे, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी देवब्रत सिंह, उपायुक्त उद्योग एस0एस0 रावत, एलडीएम नीरज सिंह व अन्य जनपद स्तरीय अधिकारी गण उपस्थित रहे। कार्यक्रम में अभय सिंह, गिरीश पाण्डेय, अमन त्रिपाठी, मुनीन्द्र प्रताप भारती, शिवम मिश्रा, सुनील मिश्रा, राजपाल, रवि, कुसुम, खुशबू ,ममता पाण्डेय, ज्योत्सना दुबे, शीला ,रेनू वर्मा, डा0 धर्मेन्द्र ओझा आदि ने सहयोग प्रदान किया। कार्यक्रम का संचालन पीएलवी जिला विधिक सेवा प्राधिकरण राम प्रकाश पाण्डेय ने किया।



