सीडब्ल्यूजी 2022: रवि कुमार दहिया ने शानदार अंदाज से जीता स्वर्ण पदक

 
सीडब्ल्यूजी 2022: रवि कुमार दहिया ने शानदार अंदाज से जीता स्वर्ण पदक
सीडब्ल्यूजी 2022: रवि कुमार दहिया ने शानदार अंदाज से जीता स्वर्ण पदकबर्मिघम, 6 अगस्त (आईएएनएस)। टोक्यो ओलंपिक रजत पदक विजेता रवि कुमार दहिया ने शनिवार को विक्टोरिया पार्क, कोवेंट्री में आयोजित बर्मिघम 2022 राष्ट्रमंडल खेलों में पुरुषों की फ्रीस्टाइल 57 किग्रा फाइनल में अपने नाइजीरियाई प्रतिद्वंद्वी वेलसन एबिकेवेनिमो को शानदार अंदाज में 10-0 से हराकर स्वर्ण पदक जीता।

तीन बार के एशियाई चैंपियन और विश्व चैम्पियनशिप में कांस्य पदक विजेता दहिया ने सावधानी से शुरूआत की क्योंकि उन्होंने अपने प्रतिद्वंद्वी की ताकत का अंदाजा लगाने का प्रयास किया। दोनों खिलाड़ी पहले मिनट में कोई अंक हासिल करने में विफल रहे। नाइजीरियाई खिलाड़ी ने हालांकि आक्रमण शुरू कर दिया और दहिया का पैर पकड़ने की कोशिश की। भारतीय खिलाडुी ने आसानी से उनके प्रयास को विफल कर दिया।

नाइजीरियाई ने एक और हमला किया लेकिन फिर से नाकाम कर दिया गया। इस समय, दहिया को रेफरी द्वारा बहुत निष्क्रिय और रक्षात्मक होने के लिए चेतावनी दी गई थी। दहिया ने फिर शानदार हमलों की एक श्रृंखला शुरू की और लगातार आठ अंक अर्जित किए। उन्होंने नाइजीरियन को दो बार लेग अटैक में मारा और फिर जबरदस्ती टेकडाउन किया।

भारतीय ने एक और टेकडाउन के साथ मुकाबला समाप्त किया जिससे उसे दो और अंक मिले। दहिया ने मुकाबला 10-0 से जीत लिया और राष्ट्रमंडल खेलों में अपना पहला स्वर्ण पदक जीता।

हरियाणा के सोनीपत जिले के गांव नहरी के 24 वर्षीय पहलवान अब अगले महीने होने वाली विश्व चैंपियनशिप की तैयारी करेंगे।

--आईएएनएस

आरएचए/