यूपी पुलिस के सिपाही ने किया नाबालिग के साथ दुष्कर्म, गिरफ्तार

पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर दुष्कर्म की रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी सिपाही को पकड़ लिया, जिसे न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया गया।
 
Rape News

ग्लोबल भारत न्यूज़ नेटवर्क

अलीगढ़, 08 मई:- यूपी के जनपद अलीगढ़ के अतरौली कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार 06 मई की रात उत्तर प्रदेश पुलिस के एक सिपाही ने अपने रिश्तेदार की नाबालिग बेटी से दुष्कर्म किया। आरोपी सिपाही बुलंदशहर जिले मेें तैनात है। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर दुष्कर्म की रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी सिपाही को पकड़ लिया, जिसे न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया गया।

पूरा मामला- आपको बता दे कि अलीगढ़ से मिली सूचना के आधार पर बुलंदशहर के पुलिस अधीक्षक ने आरोपी सिपाही को निलंबित कर दिया है। अतरौली क्षेत्र के एक गांव निवासी धर्म सिंह पुत्र बादाम सिंह उत्तर प्रदेश पुलिस में सिपाही है। वह बुलंदशहर जिले के डिबाई थाना क्षेत्र में डायल 112 नंबर पर तैनात है। वह कुछ दिन पहले वह अपने गांव आया था। अन्य जिले में रहने वाले उसके एक रिश्तेदार की 16 वर्षीय बेटी भी आरोपी के गांव में ही रहने वाले अन्य रिश्तेदार परिवार में आई थी। शुक्रवार की रात करीब साढ़े नौ बजे धर्म सिंह इस किशोरी को अपने घर ले जाने की बात कहकर बाइक में बैठाकर वहां से ले आया। रास्ते में एक खाली प्लाट में उसने किशोरी के साथ दुष्कर्म किया। विरोध करने पर उसने किशोरी के साथ मारपीट की। इससे किशोरी घायल हो गई।

दरिंदे के चंगुल से छूट कर नाबालिग ने परिजनों को दी जानकारी- किसी तरह सिपाही के चंगुल से छूटकर पहुंची किशोरी ने परिजनों को जानकारी दी। इसके बाद परिजन किशोरी को लेकर अतरौली थाने पहुंचे और आरोपी धर्म सिंह के विरुद्ध तहरीर दी। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर रात में ही गांव में दबिश दी लेकिन आरोपी सिपाही फरार हो गया। शुक्रवार रात गनेशपुर-डिबाई मार्ग पर पुलिस ने धर्मसिंह को पकड़ लिया। इसके बाद उसे शनिवार को न्यायालय में पेश किया। न्यायालय ने उसे जेल भेज दिया।।