पश्चिम बंगाल के पूर्व राज्यपाल वरिष्ठ भाजपा नेता केशरी नाथ त्रिपाठी का निधन

यूपी विधानसभा के पूर्व स्पीकर और पश्चिम बंगाल के राज्यपाल रहे केशरी नाथ त्रिपाठी का निधन हो गया. वह पिछले काफी दिनों से गंभीर रूप से बीमार चल रहे थे
 
Keshari nath Tripathi news Global bharat news

ग्लोबल भारत न्यूज़ नेटवर्क

प्रयागराज, 8 जनवरी। उत्तर प्रदेश विधानसभा के पूर्व स्पीकर और पश्चिम बंगाल के पूर्व राज्यपाल भाजपा के वरिष्ठ नेता  केशरीनाथ त्रिपाठी का रविवार सुबह 5:00 बजे प्रयागराज स्थित आवास पर निधन हुआ।उनके बेटे नीरज त्रिपाठी ने इस आशय की पुष्टि की।

केशरीनाथ त्रिपाठी के निधन पर  सीएम योगी आदित्यनाथ ने श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने ट्वीट किया- 'वरिष्ठ राजनेता, भाजपा परिवार के वरिष्ठ सदस्य, प. बंगाल के पूर्व राज्यपाल आदरणीय केशरी नाथ त्रिपाठी जी का निधन अत्यंत दुःखद है, प्रभु श्री राम दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्री चरणों में स्थान व शोकाकुल परिजनों को यह दुःख सहने की शक्ति दें. ॐ शांति!'

केशरी नाथ त्रिपाठी का 88 वर्ष की आयु में निधन हुआ। वह तीन बार विधानसभा अध्य्क्ष भी रहे। 10 नवंबर 1934 को उनका जन्म हुआ था। पं. केशरी नाथ त्रिपाठी अपने पिता की सात संतानों में चार बेटियों और तीन बेटों में सबसे छोटे थे।

जानकारी के मुताबिक उन्हें दिसंबर में एक स्थानीय निजी अस्पताल में हाथ में फ्रैक्चर और सांस लेने की समस्याओं के चलते भर्ती कराया गया था।करीब एक हफ्ते तक अस्पताल में इलाज के बाद उन्हें घर ले आया गया था. इसके बाद रविवार तड़के उनका निधन हो गया।

उन्होंने जुलाई 2014 से जुलाई 2019 तक पश्चिम बंगाल के राज्यपाल के रूप में कार्य किया. उनके पास बिहार, मेघालय और मिजोरम के राज्यपाल का भी प्रभार था।वे भारतीय जनता पार्टी के सदस्य थे। वह बीजेपी की उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष रह चुके थे।