भीषण गर्मी से यूपी के बलिया जिले में 3 दिन में 54 लोगो की मौत

गर्मी के कारण हो रही मौतों को देखते हुए यूपी सरकार ने मौतों की जांच शुरू कर दी है। इसी के ही साथ बलिया जिला अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक दिवाकर सिंह का भी ट्रांसफर कर दिया गया है। वहीं, शनिवार को जिले में अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है, जो सामान्य से पांच डिग्री अधिक था।
 
54 people died in 3 days in UP's Ballia district due to severe heat

ग्लोबल भारत न्यूज़ नेटवर्क

लखनऊ, 18 जून:- उत्तर भारत में इस समय गर्मी अपने चरम पर है। तपती धूप और लू के कारण हाहाकार मचा हुआ है। उत्तर प्रदेश और बिहार में पड़ रही भीषण गर्मी के कारण मरने वालों की संख्या हर दिन बढ़ती जा रही है। यूपी के बलिया जिले का हाल भी बहुत खराब है, जो लोग जिला अस्पताल में 15 से 17 जून के बीच भर्ती हुए थे, उनमें से कम से कम 55 लोगों की मौत भीषण गर्मी के कारण हो गई है। मरने वाले ज्यादातर मरीज 60 साल से ज्यादा उम्र के थे। वहीं लू के कारण बीमार होने वाले लोगों की संख्या में भी तेजी से इजाफा हो रहा है। मीडिया रिपोर्टस के मुताबिक, जिले में गर्मी के कारण हो रही मौतों को देखते हुए यूपी सरकार ने मौतों की जांच शुरू कर दी है। इसी के ही साथ बलिया जिला अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक दिवाकर सिंह का भी ट्रांसफर कर दिया गया है। वहीं, शनिवार को जिले में अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है, जो सामान्य से पांच डिग्री अधिक था।

बिहार में भी हालत खराब- यूपी के बगल में स्थित बिहार के हाल भी बदतर हो रहे हैं। लू की चपेट में आने से कई जिलों के अस्पतालों में तेजी से मरीजों की संख्या बढ़ रही है, राज्य के कई जिलों में पारा भी 42 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया है। बता दें कि दो दिन में लू लगने से राज्य में 24 लोगों की मौत हो गई है। भोजपुर में मौत का आंकड़ा सबसे ज्यादा है, यहां गर्मी के कारण अब तक 10 मौतें हो चुकी हैं। भीषण गर्मी के बाद मौसम विभाग ने आज भी 6 जिलों में रेड, 8 जिलों में ऑरेंज और 4 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है। वहीं कई जिलों में 2वीं तक के स्कूल और आंगनबाड़ी 24 जून तक बंद कर दिए गए हैं।

मौसम विभाग ने बताया- मौसम विभाग के मुताबिक अगले 2 दिन तक गर्मी से राहत के कोई चांस नहीं हैं। गर्मी इसी तरह रहेगी, साथ ही तेज गर्म हवाएं भी लोगों की बेचैनी बढ़ाएगी। बता दें कि 24 घंटे के दौरान 22 जिले ऐसे हैं, जहां का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा रहा, वहीं शेखपुरा जिला सबसे गर्म रहा यहां तापमान 44.2 डिग्री सेल्सियस रहा।