जिला अस्पताल के शौचालय में अर्द्धनग्न मिली किशोरी, दुष्कर्म की आशंका

किशोरी चल नहीं पाती थी। वही लोग इसको खाना खिलाते थे। वह कुछ बोल भी नहीं पाती थी। शनिवार की रात किशोरी अचानक पलंग से गायब हो गई। वार्ड में भर्ती मरीज और तीमारदार सो रहे थे। वृद्धा चीखने लगी। इस पर तीमारदारों की नींद खुली। देखा तो किशोरी पलंग पर नहीं थी। इधर-उधर खोजबीन की गई, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला।
 
रेप

ग्लोबल भारत न्यूज़ नेटवर्क

बांदा, 21 नवंबर:- जिला अस्पताल के बाथरूम में अर्द्धनग्न अवस्था में किशोरी अचेत अवस्था में पड़ी पाई गई। मरीजों के तीमारदारों ने देखा तो स्वास्थ्य कर्मचारियों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे स्वास्थ्य कर्मचारियों ने उसे उठाकर पलंग पर लेटाया। स्वास्थ्य कर्मचारी और तीमारदारों ने किशोरी के साथ दुष्कर्म होने की आशंका जताई है। डाक्टरों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। कोतवाली पुलिस ने सुरक्षा की दृष्टि से किशोरी की निगरानी के लिए दो महिला होमगार्डों की ड्यूटी लगाई है। तीन दिन पहले 14 वर्षीय किशोरी अर्द्धविक्षिप्त हालत में अतर्रा रेलवे स्टेशन में पाई गई थी।

सूचना पाकर मौके पर पहुंचे जीआरपी सिपाही किशनलाल ने किशोरी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया था। स्वास्थ्य कर्मचारियों ने उसे इमरजेंसी के बेड नंबर 16 पर लेटा दिया था। स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी और अन्य मरीजों के तीमारदार उसकी देखरेख करते थे। मरीज के तीमारदार रामलखन ने बताया कि किशोरी चल नहीं पाती थी। वही लोग इसको खाना खिलाते थे। वह कुछ बोल भी नहीं पाती थी। शनिवार की रात किशोरी अचानक पलंग से गायब हो गई। वार्ड में भर्ती मरीज और तीमारदार सो रहे थे। वृद्धा चीखने लगी। इस पर तीमारदारों की नींद खुली। देखा तो किशोरी पलंग पर नहीं थी। इधर उधर खोजबीन की गई, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला। बाद में रामलखन और अन्य तीमारदारों ने ड्यूटी में मौजूद स्वास्थ्य कर्मचारी और नर्सों को सूचना दी। किशोरी के गायब होने पर स्वास्थ्य कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। उसकी खोजबीन शुरू कर दी। देखा तो इमरजेंसी वार्ड के शौचालय पर किशोरी अर्द्ध नग्न अवस्था में पड़ी हुई थी।

किसी तरह दरवाजा खोलकर स्वास्थ्य कर्मचारी और तीमारदार उसे उठाकर पलंग पर लेटाया। स्वास्थ्य कर्मचारियों ने कपड़ा आदि बदलकर उसे महिला वार्ड में शिफ्ट कराया। बताया जाता है कि किशोरी के कपड़े भी बाथरूम से कुछ दूर पर पड़े हुए थे। स्वास्थ्य कर्मचारी और तीमारदारों ने दुष्कर्म की आशंका जताई है। घटना की जानकारी ट्रामा सेंटर में मौजूद डाक्टर को दी। डाक्टरों ने तत्काल पुलिस सूचना कोतवाली भेजी। रविवार को सुबह से ही किशोरी की निगरानी में दो महिला होमगार्डों की ड्यूटी लगा दी गई। सीएमएस डा. एसएन मिश्र का कहना है कि किशोरी विक्षिप्त है। इस मामले की वह जांच कराएंगे। सीसीटीवी फुटेज को भी खंगाला जाएगा।