खेत गए युवक की मौत, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

मृतक के बहनोई नरोत्तम सिंह ने बताया कि सोनू अपने पिता की इकलौती संतान था। उसकी पत्नी छह वर्ष पहले उसे छोड़कर चली गई थी। तब से सोनू उसके घर में रह रहा था। नरोत्तम ने बताया कि पड़ोसी युवक से रंजिश चलती थी। दो दिन पहले पड़ोसी ने उसके खेत की मेड़ की जुताई कर ली थी।
 
क्राइम न्यूज़
रिपोर्ट- देवेंद्र देव निगम संवाददाता

ग्लोबल भारत न्यूज़ नेटवर्क

बांदा, 29 दिसंबर:- खेत की सिंचाई करने गए किसान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सुबह मौके पर पहुंचे घरवालों ने देखा तो वह खेत पर ही पड़ा हुआ था। मृतक के बहनोई ने हत्या किए जाने की आशंका जताई है। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने परिजनों से पूछताछ करने के बाद शव को कब्जे में ले लिया। पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

चित्रकूट जिले के राजापुर थानांतर्गत गंज गांव निवासी सोनू (35) पुत्र जयकरन अपने बहनोई नरोत्तम सिंह के घर कमासिन में रहता था। यहीं पर वह खेती-किसानी करता था। बुधवार की रात वह खेत की सिंचाई करने गया था। सुबह जब वह घर वापस नहीं लौटा तो खेत पहुंचे परिजनों ने देखा तो वह मृत पड़ा हुआ था। शव देखते ही घरवालों में कोहराम मच गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने परिजनों से पूछतांछ करने के बाद शव को कब्जे में ले लिया। मृतक के बहनोई नरोत्तम सिंह ने बताया कि सोनू अपने पिता की इकलौती संतान था। उसकी पत्नी छह वर्ष पहले उसे छोड़कर चली गई थी। तब से सोनू उसके घर में रह रहा था। नरोत्तम ने बताया कि पड़ोसी युवक से रंजिश चलती थी। दो दिन पहले पड़ोसी ने उसके खेत की मेड़ की जुताई कर ली थी।

नरोत्तम ने इसका विरोध किया था तो पड़ोसी झगड़ा करने पर आमादा हो गए थे। इस बात का प्रार्थना पत्र भी पुलिस को दिया गया था, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। झगड़े में कभी-कभी सोनू बीच में बोल देता था। इसी बात को लेकर पड़ोस के लोग खुन्नस खाए हुए थे। आरोप लगाया कि अकेले पाकर उसकी हत्या कर दी गई। इस संबंध में थानाध्यक्ष का कहना है कि सर्दी से मौत होने की आशंका लग रही है। फिर भी शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद सच्चाई सामने आएगी।