तेज रफ्तार में बोलेरो और स्कार्पियो की हुई टक्कर, खून से लाल हुई सड़क छीन ली पांच जिंदगियां

स्कार्पियो और बोलेरो दोनो आपस में टकराकर सड़क किनारे खंती में पलट गईं। इसमें सवार प्रभात पांडेय, उमेश सिंह, ग्राम प्रधान के पुत्र अभिनव, कुलदीप सिंह, अतुल सिंह की मौत हो गई। घरवालों ने बताया कि प्रभात पांडेय एलएलबी तृतीय वर्ष का छात्र था। वह कुछ दिन पहले ही परीक्षा देने के लिए मुंबई से गांव आया था।
 
बाँदा न्यूज़

ग्लोबल भारत न्यूज़ नेटवर्क

बांदा, 16 फरवरी:- सड़कों पर बेतहाशा दौड़ रहे वाहनों की गति पर लगाम नहीं लग पा रही। आए दिन हादसे होने से सड़कें खून से लाल रहती हैं। इसी कड़ी में गुरुवार की भोर बारातियों से भरी तेज रफ्तार स्कार्पियो और बोलेरो ओवरटेक करने के चक्कर में आपस में भिड़ गईं। दोनो गाड़ियों के परखचे उड़ गए। हादसा इतना भीषण था कि पांच लोग अकाल मौत का शिकार हो गए। पैलानी थाना क्षेत्र के निवाइच गांव निवासी शुभम सिंह की शादी थी। शुभम ने अपने पास पड़ोस के लोगों और दोस्तों को बारात में शामिल होने के लिए बुलाया था। रात को सारे कार्यक्रम निपटाने के बाद बोलेरो में सवार पांच और स्कार्पियो में सवार छह लोग वापस अपने गांव आ रहे थे। दोनो गाड़ियों के चालक एक दूसरे को पीछे करने के चक्कर में वाहनों को तेज गति से भगा रहे थे। तिंदवारी के मिरगहनी गांव के पास रास्ता संकरा होने की वजह से स्कार्पियो चालक गाड़ी को आगे निकालना चाहता था। इसी बीच बोलेरो चालक ने भी आगे बढ़ाने की कोशिश की। तेज रफ्तार दोनो गाड़ियां आपस में टकरा गईं। हादसा इतना भीषण हुआ कि दोनो वाहन अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराते हुए खंती में पलट गईं। सभी बाराती अपने-अपने वाहनों के नीचे दब गए। किसी तरह सूचना पाकर गांव के लोग मौके पर पहुंच गए। सभी को बाहर निकाला। लेकिन तब तक पांच लोगों की मौतें हो चुकी थीं। सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। तलाशी के दौरान पुलिस ने गाड़ियों से शराब की बोतलें बरामद कीं। पुलिस अधीक्षक अभिनंदन ने बताया कि सभी लोग बारात में शामिल होने के बाद वापस लौट रहे थे। दोनो वाहनों के चालक शराब के नशे में थे। दोनो वाहनों के चालक एक-दूसरे को ओवरटेक करने में लगे हुए थे। इसी के चलते यह हादसा हुआ।

एक साथ हुई पांच मौतों से गांव में छाया मातम- स्कार्पियो और बोलेरो दोनो आपस में टकराकर सड़क किनारे खंती में पलट गईं। इसमें सवार प्रभात पांडेय, उमेश सिंह, ग्राम प्रधान के पुत्र अभिनव, कुलदीप सिंह, अतुल सिंह की मौत हो गई। घरवालों ने बताया कि प्रभात पांडेय एलएलबी तृतीय वर्ष का छात्र था। वह कुछ दिन पहले ही परीक्षा देने के लिए मुंबई से गांव आया था। उमेश तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। उसकी शादी नहीं हुई थी। अभिनव बीए प्रथम वर्ष का छात्र था। वह दो भाइयों में छोटा था। वहीं कुलदीप सिंह किसानी करता था। उसकी शादी हो चुकी है। उसके एक बेटा है, अतुल सिंह भी अविवाहित था। वह तहसील में कंप्यूटर की दुकान किए हुए था। इसी से वह अपने परिवार का गुजर बसर करता था। एक साथ हुई मौतों से गांव में मातम छा गया। सूचना पाकर जलशक्ति राज्यमंत्री रामकेश निषाद और सपा नेता अशोक सिंह गौर पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गए। मृतक परिजनों को ढांढस बंधाया।

जिंदगी और मौत से जूझ रहा फौजी- स्कार्पियो और बोलेरो की जबरदस्त भिड़ंत में स्कार्पियो सवार फौजी सुशील सिंह घायल हो गया। उसके पैरों और सीने में गंभीर चोटें थीं। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां डाक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे कानपुर रेफर कर दिया। कानपुर में वह जीवन और मौत से जूझ रहा है। बताया कि वह पूना में तैनात है। 26 नवंबर को उसकी शादी हुई है। शादी के बाद वह वापस अपनी तैनाती स्थल चला गया था। दोबारा शुभम की शादी में शामिल होने के लिए एक सप्ताह पहले छुट्टी लेकर गांव आ गया।