ब्यूटी पार्लर के अंदर चल रहा था धर्मांतरण का खेल, पुलिस ने पादरी समेत तीन को गिरफ्तार किया

पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर धर्म परिवर्तन निषेध अधिनियम 2021 के तहत मामला दर्ज कर लिया। इस मामले में पुलिस का कहना है कि महिला की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। अब आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।
 
धर्म परिवर्तन

ग्लोबल भारत न्यूज़ नेटवर्क

गाजियाबाद, 16 मई:- राजधानी दिल्ली से सटे गाजियाबाद के एक ब्यूटी पार्लर से धर्मांतरण का मामला सामने आया है। यह मामला खोड़ा थाना क्षेत्र के मधु विहार इलाके का है, महिला की शिकायत पर पुलिस ने पादरी समेत तीन आरोपियों पर मामला दर्ज कर उन्हे गिरफ्तार कर लिया है। दरअसल, मधु विहार में एक पार्लर के अंदर धर्मांतरण का बड़ा खेल चल रहा था। आरोप है कि पार्लर चलाने वाली महिला ने पीड़िता को ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रेरित करने का प्रयास किया, महिला की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया।

पीड़िता सुनीता अरोड़ा का आरोप है कि उसके पड़ोस में बबिता नाम की महिला ब्यूटी पार्लर संचालित करती है। शुक्रवार को सुनीता पार्लर के आगे से गुजर रही थी तभी बबिता ने आवाज देकर पार्ळर के अंदर बुलाया। वहां उसने पीड़िता की मुलाकात दिल्ली के रहने वाले अब्राहिम थॉमस, उनकी पत्नी रीबा से कराई। अपना परिचय देने के दौरान अब्राहिम ने बताया कि वो दिल्ली के एक चर्च में पादरी है। मूल रूप से अब्राहिम केरल का रहने वाला है और वर्तमान में दिल्ली के मयूर विहार फेस-2 में रहता है।

पीड़िता के मुताबिक अब्राहिम और उसकी पत्नी रीबा उससे बातचीत करने लगे। बातों ही बातों में उन्होंने सुनीता अरोड़ा को ब्यूटी पार्लर में होने वाली प्रार्थना सभा में शामिल होने को कहा। जिसके बाद शुक्रवार को जब सुनीता ब्यूटी पार्लर गई तो उसने वहां देखा कि करीब आधा दर्जन लोग प्रार्थना सभा में मौजूद थे, सभी प्रार्थना कर रहे हैं। सभी के हाथों में किताब थी और इन सभी लोगों को पादरी प्रार्थना करा रहा था और सभी लोग आमीन-आमीन बोल रहे थे।