कुंवारी रह लूंगी लेकिन शराबी संग शादी नहीं करूंगी, दूल्हे को टल्ली देखकर दुल्हन ने लौटा दी बारात

दूल्हा शराब के नशे में टल्ली था। दूल्हे को नशे में देखकर लड़की पक्ष वालों ने उसके पिता को ढूंढना शुरू किया लेकिन जब उन्हें पता चला कि पिता और मझवा बारात में आए ही नहीं तो हंगामा शुरू हो गया। बारात में आये कुछ बुजुर्गों ने जैसे तैसे स्थिति को संभाला तब हंगामा शांत हुआ।
 
Hardoi News

ग्लोबल भारत न्यूज़ नेटवर्क

हरदोई, 18 जून:- उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले की मल्लावां कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में आई बरात में दूल्हा शराब के नशे में टल्ली होकर पहुंचा तो लड़की ने शादी से इनकार कर दिया। मामले की जानकारी होने के बाद बारातियों में हड़कंप मच गया। चौबीस घंटे तक पंचायत चली लेकिन कोई समाधान नहीं निकला, जिसके बाद बिन दुल्हन बारात बैरंग वापस लौट गई।

पूरा मामला- मिली जानकारी के अनुसार मल्लावां कोतवाली क्षेत्र के गांव राघोपुर के मजरा अंटिया निवासी महादेव की पुत्री राम लड़ैती की शादी जनपद औरैया के गांव बड़वा पोस्ट भाग्य नगर निवासी राजेश बाबू पुत्र ओमप्रकाश के साथ तय हुई थी। शुक्रवार की रात बारात आई। दूल्हा शराब के नशे में टल्ली था। दूल्हे को नशे में देखकर लड़की पक्ष वालों ने उसके पिता को ढूंढना शुरू किया लेकिन जब उन्हें पता चला कि पिता और मझवा बारात में आए ही नहीं तो हंगामा शुरू हो गया। बारात में आये कुछ बुजुर्गों ने जैसे तैसे स्थिति को संभाला तब हंगामा शांत हुआ।

शराबी दूल्हे से नही करूंगी शादी- बारात द्वारचार के लिए रवाना हुई। बैंड बाजे की धुन पर बाराती नाचते हुए लड़की के दरवाजे पहुंचे। लेकिन इसी दौरान लड़की कोई दूल्हे के टल्ली होने की जानकारी मिली तो वह भड़क गई और शादी करने से इंकार कर दिया। जिसके बाद उसे मनाने के प्रयास होने लगे। लेकिन लड़की ने जब साफ कह दिया कि वह कुंवारी रह लेगी लेकिन शराबी से शादी नहीं करेगी तो पंचायत होनी शुरू हुई। दोनों पक्ष देर रात तक बात करते रहे लेकिन कोई समाधान नहीं निकला।