राजधानी लखनऊ में होने वाले ग्लोबल इंवेस्टर्स समिट-2023 का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे

जिलाधिकारी लखनऊ ने बताया कि उक्त समिट का आयोजन 10 से 12 फरवरी तक डिफेंस एक्सपो स्थल, वृंदावन योजना में होगा, और इसके समापन समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मौजूद रहेंगी।
 
ग्लोबल भारत न्यूज

राजधानी लखनऊ में होने वाले ग्लोबल इंवेस्टर्स समिट-2023 का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे

डा० शक्ति कुमार पाण्डेय
राज्य संवाददाता
ग्लोबल भारत न्यूज नेटवर्क

लखनऊ, 1 जनवरी 2023

जिलाधिकारी लखनऊ ने बताया कि उक्त समिट का आयोजन 10 से 12 फरवरी तक डिफेंस एक्सपो स्थल, वृंदावन योजना में होगा, और इसके समापन समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मौजूद रहेंगी। 

यह जानकारी शनिवार को कलेक्ट्रेट में आयोजित प्रेसवार्ता में जिलाधिकारी सूर्यपाल गंगवार ने देते हुए बताया कि 11 फरवरी को समारोह में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह शामिल होंगे।

गंगवार ने बताया कि समिट में 20 से अधिक देशों के प्रतिनिधि आएंगे। तीन दिन के इस कार्यक्रम में करीब 10 हजार से अधिक प्रतिनिधि शामिल होंगे। 

उन्होंने कहा कि मेहमानों के स्वागत और विभिन्न गतिविधियां जैसे रेस्त्रां, स्पा, कॉन्फ्रेंस रूम आदि भी तैयार किए जाएंगे। शहर में जिन होटलों में मेहमान रहेंगे, वहां हेल्प डेस्क तैयार कराए जा रहे हैं। अवध शिल्पग्राम में आयोजन से जुड़ी प्रदर्शनी, हुनर हाट और सांस्कृतिक संध्या का आयोजन भी किया जाएगा।

डीएम ने बताया कि इन्वेस्टर्स समिट से पहले जी20 सम्मेलन का आयोजन भी होना है। इसके लिए भी शहर को तैयार किया जा रहा है। इसमें कई देशों के राष्ट्राध्यक्ष के अलावा उनके प्रतिनिधि भी शामिल होंगे। सुशांत गोल्फ सिटी में स्थित निजी होटल में इससे जुड़ी बैठकें होंगे। एयरपोर्ट से लेकर आयोजन स्थल तक का सौंदर्यीकरण कराया जा रहा है।

उल्लेखनीय है कि ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट-2023 के जरिये सरकार दस खरब अमेरिकी डॉलर की अर्थव्यवस्था वाला राज्य बनाने के लिए प्रदेश को ब्रांड यूपी के रूप में विकसित करेगी। 

यूपी में देश-विदेश के बड़े निवेशकों को आकर्षित करने के लिए प्रदेश की बदली हुई छवि को रोड शो के जरिये प्रचारित किया जाएगा। जीआईएस में प्रोफेशनल्स की मदद से निवेशकों तक पहुंचने एवं निवेश के लिए लक्षित दृष्टिकोण अपनाया जाएगा।