लखनऊ में मुख्तार अंसारी का डेढ़ करोड़ का प्लाट आयकर विभाग ने जब्त किया।

लखनऊ में मुख्तार अंसारी का डेढ़ करोड़ का प्लाट आयकर विभाग ने जब्त किया।
डा० शक्ति कुमार पाण्डेय
राज्य संवाददाता
ग्लोबल भारत न्यूज नेटवर्क
लखनऊ, 2 अक्टूबर।
बांदा जेल में बंद माफिया मुख्तार अंसारी की बेनामी संपतियों की जांच कर रहे आयकर विभाग ने लखनऊ के डालीबाग में स्थित एक प्लॉट को जब्त किया है।
यह प्लाट पहले मुख्तार की पत्नी अफ्शां के नाम पर था। इसे 2010 में मुख्तार ने अपने करीबी गणेश दत्त मिश्रा के नाम पर स्थानांतरित करवा दिया था।
3,234 वर्ग फीट के 13-C/ 3 प्लॉट की कीमत कागजों में 76 लाख है, लेकिन बाजार में इसकी कीमत डेढ़ करोड़ रुपये बताई जा रही है।
मुख्तार ने यह प्लॉट अपनी पत्नी के नाम पर खरीदा था। इसे बाद में अपने करीबी रियल एस्टेट कारोबारी गणेश दत्त मिश्रा को स्थानांतरित कर दिया था।
2014 में इस प्लॉट पर मुख्तार अंसारी परिवार की एक कंपनी के लिए लोन लिया गया था।
2020 में गणेश ने इसे तनवीर सहर नामक महिला के नाम पर ट्रांसफर कर दिया था।
आयकर विभाग ने इसकी जांच की तो पता चला कि सेल डीड पर इस संबंध में जिन बैंक चेकों का उल्लेख किया गया है, वह जाली थे।
इसके बाद पेमेंट कब और कैसे हुआ। इसकी जानकारी नहीं मिली। परिणाम स्वरूप आयकर विभाग ने इस सौदे को फर्जी करार देते हुए प्लाट को जब्त कर लिया है।
तनवीर सहर भी गाजीपुर की रहने वाली हैं। बताया जा रहा है कि यह तनवीर मुख्तार अंसारी की करीबी महिला रिश्तेदार हैं।
आयकर विभाग मुख्तार की 23 बेनामी संपत्तियों की जांच कर रहा है। इस संबंध में मुख्तार से बांदा जेल में पूछताछ करने के बाद गणेश दत्त मिश्रा से भी आयकर की टीमें पूछताछ कर चुकी हैं।