राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत का चार दिवसीय लखनऊ प्रवास।

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत का चार दिवसीय लखनऊ प्रवास।
डा० शक्ति कुमार पाण्डेय
राज्य संवाददाता
ग्लोबल भारत न्यूज नेटवर्क
लखनऊ, 22 सितम्बर
अपने वार्षिक प्रवास में शुक्रवार को अवध प्रान्त आ रहे संघ प्रमुख निरालानगर लखनऊ स्थित सरस्वती कुंज में ठहरेंगे और संघ के विभिन्न दायित्वधारकों के साथ अलग अलग बैठकें करेंगे।
इन बैठकों के जरिये सरकार के कामकाज का फीडबैक लेने के साथ संघ की कोशिश उत्तर प्रदेश की राजनीतिक नब्ज टटोलने की भी होगी।
तीसरी बार केंद्र में सत्तारूढ़ होने के लिए 80 लोकसभा सीटों वाला उप्र भाजपा के लिए सर्वाधिक महत्वपूर्ण है। अपने प्रवास के दौरान भागवत अगले वर्ष होने वाले लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा के वैचारिक मार्गदर्शन का मार्ग प्रशस्त करने के साथ ही भाजपा सरकार व संगठन और संघ पदाधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय की बुनियाद भी रखेंगे।
सरसंघचालक के आगमन के दृष्टिगत संघ के पदाधिकारियों के साथ बुधवार को हुई संघ और भाजपा की समन्वय बैठक में इसकी पृष्ठभूमि तैयार कर ली गई है।
संघ प्रमुख का अवध प्रांत आगमन तब हो रहा है जब अयोध्या में अगले वर्ष जनवरी में प्रस्तावित श्रीराम जन्मभूमि मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा की तैयारियां शुरू हो गई है। प्राण प्रतिष्ठा समारोह के बाद ही लोकसभा चुनाव होंगे।
ऐसे में संघ की योजना माहौल को राममय बनाने की है जिसका स्वाभाविक लाभ भाजपा को मिलेगा। इसमें भाजपा व उसके सहयोगी संगठनों और विश्व हिंदू परिषद की सक्रिय भूमिका होगी।
संघ वर्ष 2025 में अपना शताब्दी वर्ष मनाने की तैयारियों में भी जुटा है। शताब्दी वर्ष के परिप्रेक्ष्य में संघ प्रदेश में अपनी सांगठनिक गतिविधियों को विस्तार दे रहा है। सांगठनिक विस्तार की दृष्टि से संघ में महिलाओं का प्रतिनिधित्व बढ़ाने पर भी विचार हो रहा है।
महिलाओं को लोकसभा और विधानसभाओं में 33 प्रतिशत आरक्षण देने के लिए मोदी सरकार की ओर से संसद के दोनों सदनों में पारित कराये गए विधेयक के साथ ही संघ के कार्यकलापों में भी महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने का यह प्रयोग महत्वपूर्ण है।
दलितों और आदिवासियों के बीच पैठ बनाकर उनको समाज की मुख्य धारा में लाने के लिए संघ अरसे से प्रयासरत रहा है। इसी उद्देश्य से संघ का समरसता भोज व भजन संध्या के आयोजन और नशामुक्ति की मुहिम पर जोर है।
किसानों और छोटे व्यापारियों के बीच भी संघ अपनी उपस्थिति बढ़ाने की कोशिश कर रहा है। अंत्योदय से प्रेरित मोदी सरकार की गरीब कल्याण की योजनाएं भी इन्हीं वर्गों पर केंद्रित हैं।
मोहन भागवत शुक्रवार सुबह 10.40 बजे लखनऊ एयरपोर्ट पर उतरेंगे और 11.30 बजे निरालानगर स्थित सरस्वती कुंज पहुंचेंगे। लखनऊ में चार दिवसीय प्रवास के बाद वह 26 सितंबर को सुबह लखनऊ हवाई अड्डे से इंदौर के लिए रवाना होंगे।
संघ का प्रयास है कि उपेक्षितों और वंचितों के उत्थान के उसके प्रयासों को सरकार के गरीब कल्याण के एजेंडे के माध्यम से सफल बनाया जा सके।