राजधानी में रविवार को श्रीरामचरित मानस का पाठ शुरू हो गया और मंदिर रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगा उठे।

सोमवार को कई स्थानों पर सुंदरकांड का पाठ होगा। मंदिरों में भगवान श्रीराम की प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम का लाइव प्रसारण होगा। इसमें रामभक्तों का जमावड़ा लगेगा। मंदिरों में संकीर्तन के साथ खूब आतिशबाजी होगी। हर तरफ दिवाली जैसा उल्लास है।
 
ग्लोबल भारत न्यूज

राजधानी में रविवार को श्रीरामचरित मानस का पाठ शुरू हो गया और मंदिर रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगा उठे।

डा० शक्ति कुमार पाण्डेय
राज्य संवाददाता
ग्लोबल भारत न्यूज

लखनऊ, 22 जनवरी, 2024

सोमवार को कई स्थानों पर सुंदरकांड का पाठ होगा। मंदिरों में भगवान श्रीराम की प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम का लाइव प्रसारण होगा। इसमें रामभक्तों का जमावड़ा लगेगा। मंदिरों में संकीर्तन के साथ खूब आतिशबाजी होगी। हर तरफ दिवाली जैसा उल्लास है।

प्राण प्रतिष्ठा समारोह के उल्लास में डूबी राजधानी में उत्सव रविवार की सुबह से ही शुरु हो गया। सुबह से ही बड़ी संख्या में अयोध्या जाने वाले सेलिब्रिटी भी पहुंचने लगे थे। वहीं शहर से लेकर गांव तक में सुंदरकांड के पाठ शुरू हो गए। अखंड रामायण संग शोभायात्रा व पद यात्राएं दिन भर निकलती रहीं।

मंदिरों में प्राण प्रतिष्ठा समारोह का पूजन चलता रहा और कई बाजारों में आतिशबाजी कर कारोबारी खुशियां मनाते रहे, लड्डू बांटते रहे। 

1090 चौराहे पर इंडोनेशिया के कलाकारों के दल ने रामायण की अद्भुत प्रस्तुति देकर सात समंदर पार तक फैली राम भक्ति की धारा से परिचित कराया। प्राण प्रतिष्ठा समारोह की पूर्व संध्या पर शहर में भव्य आयोजन हुए।

यहियागंज में किराना कारोबारियों ने रामजानकी की झांकी ढोल-नगाड़ों के साथ निकाली। नेहरू क्राॅस से दालमंडी, सुभाष मार्ग होते हुए राम मंदिर सुभाष मार्ग पर यात्रा समाप्त हुई। 

कारोबारी अमरनाथ मिश्र ने व्यापारियों से अपील की कि दुकान के साथ मकान में भी दीप जलाएं और पास के मंदिर में भी एक दीपक अवश्य जलाएं। 

इस अवसर पर प्रशान्त गर्ग, बनवारी लाल कंछल, रामशंकर अवस्थी, राजेन्द्र अग्रवाल, प्रशान्त गर्ग समीर जैन, नीरज गुप्ता, दीपक अग्रवाल मनीष अग्रवाल, विनय गुप्ता समेत बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।

उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल के प्रदेश कार्यालय अयोध्या रोड पर अध्यक्ष संजय गुप्ता के नेतृत्व में छोटी दिवाली धूमधाम से मनाई गई। व्यापारियों ने दीप जलाए और जमकर आतिशबाजी की। 

इस अवसर पर उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल की महिला इकाई की महिला व्यापारियों ने फूलों की रंगोली सजाई। इसे महिला इकाई की ट्रांस गोमती अध्यक्ष अंजलि मोरिया एवं उपाध्यक्ष रितु ठाकुर ने सजाया। संजय गुप्ता ने कहा कि सोमवार को बड़ी दीपावली मनाएंगे।

अमीनाबाद गणेशगंज में कपड़ा कारोबारियों ने अशोक मोतियानी के नेतृत्व में लड्डू बांटे और आतिशबाजी की।

चौक में समाज सेवियों, व्यापारियों ने मिलकर शुरू किया सुंदरकांड पाठ। इस दौरान पार्षद अनुराग मिश्रा, कारोबारी विनोद माहेश्वरी व अन्य मौजूद रहे। सदर बाजार में सतवीर सिंह राजू के नेतृत्व में 400 झंडे व 400 पटके बांटे गए।

पुराने लखनऊ के शाहगंज स्थित शिवालय में रामदरबार की प्राण प्रतिष्ठा के लिए अनुष्ठान जारी है। प्रतीक, राम, संजय, आशु व अन्य श्रद्धालुओं के नेतृत्व में पूरा आयोजन किया जा रहा है।

राजेन्द्र नगर स्थित महाकाल मंदिर में राम दरबार व कृष्ण दरबार की प्राण प्रतिष्ठा सोमवार को होगी। इससे पूर्व रविवार को शोभा यात्रा निकली। राम व कृष्ण दरबार समेत नगर भ्रमण पर निकले।

ऐशबाग के मालवीय नगर स्थित प्राचीन आनंदेश्वर महादेव मंदिर का जीर्णोद्धार कार्य ममता चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से कराया जा रहा है। यह आयोजन 22 जनवरी को होगा। मुख्य ट्रस्टी राजीव मिश्रा के नेतृत्व में भव्य शोभा यात्रा रविवार को निकली।

चंद्रलोक वेलफेयर एसोसिएशन की ओर से अलीगंज स्थित पार्क में ओंकार शंखधर व साथियों ने सुंदरकांड का वाचन किया। अलीगंज नया हनुमान मंदिर में कानपुर की मंडली ने राम-सबरी प्रसंग से लेकर रावण वध तक का मंचन किया।

जय जय श्री हनुमान भक्त मंडल की ओर से श्री महाशक्ति निवासी मंदिर कृष्णानगर में, हनुमान सेतु मंदिर सनातन धर्म जागरण यात्रा निकाली गई।

भगवान श्रीराम की नगरी अयोध्या जाने वाले लोगों का सफर आसान बनाने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में सोमवार को अयोध्या हाईवे पर हल्के चार पहिया वाहनों के आवागमन पर भी रोक रहेगी। इन वाहनों को पूर्वांचल एक्सप्रेस की ओर भेजा जाएगा।