मध्यप्रदेश और राजस्थान के विधानसभा चुनाव प्रचार में यूपी के नेता भी लगाए गए।

मध्य प्रदेश और राजस्थान में यूपी के पूर्व उपमुख्यमंत्री से लेकर वर्तमान उपमुख्यमंत्री समेत योगी सरकार के कई मंत्री और पार्टी के सांसद-विधायक भाजपा को जिताने के लिए ताकत लगाएंगे।
 
ग्लोबल भारत न्यूज

मध्यप्रदेश और राजस्थान के विधानसभा चुनाव प्रचार में यूपी के नेता भी लगाए गए।

डा० शक्ति कुमार पाण्डेय
राज्य संवाददाता
ग्लोबल भारत न्यूज नेटवर्क

लखनऊ, 28 सितम्बर।

मध्य प्रदेश और राजस्थान में यूपी के पूर्व उपमुख्यमंत्री से लेकर वर्तमान उपमुख्यमंत्री समेत योगी सरकार के कई मंत्री और पार्टी के सांसद-विधायक भाजपा को जिताने के लिए ताकत लगाएंगे।

मध्य प्रदेश में यूपी पूर्व उपमुख्यमंत्री से लेकर वर्तमान उपमुख्यमंत्री समेत योगी सरकार के कई मंत्री और पार्टी के सांसद-विधायकों को भाजपा को जिताने के लिए लगाया गया है। वहीं, राजस्थान में भी चुनावी समर की तैयारियों को धार देने के लिए पार्टी ने उप्र के कई वरिष्ठ नेताओं को दायित्व सौंपे हैं।

मध्य प्रदेश में उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक को भोपाल नगर व ग्रामीण क्षेत्र में चुनाव प्रबंधन की कमान सौंपी गई है। पूर्व उप मुख्यमंत्री और राज्यसभा सदस्य डॉ.दिनेश शर्मा को हरदा जिले के विधानसभा क्षेत्रों में चुनावी गतिविधियों की देखरेख की जिम्मेदारी दी गई है। 

सहकारिता मंत्री जेपीएस राठौर भोपाल संभाग में पार्टी की चुनावी राह सुगम बनाने में जुटे हुए हैं। महिला कल्याण मंत्री बेबी रानी मौर्य को ग्वालियर देहात क्षेत्र में भेजा गया है।

जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह को सतना, श्रम एवं सेवायोजन मंत्री अनिल राजभर को सिवनी, व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिलदेव अग्रवाल को दमोह, परिवहन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह को बालाघाट, आयुष राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर मिश्र दयालु को दतिया और उद्यान मंत्री दिनेश प्रताप सिंह को रायसेन जिले में कमल खिलाने का दायित्व दिया गया है।

फतेहपुर सीकरी के भाजपा सांसद राजकुमार चाहर को छतरपुर, बस्ती के सांसद हरीश द्विवेदी को ग्वालियर नगर और ग्रामीण तथा श्योपुर और पार्टी के प्रदेश महामंत्री पंकज सिंह को विदिशा जिले के विधानसभा क्षेत्रों  का जिम्मा सौंपा गया है। 

भोपाल में बुधवार को हुई भाजपा के प्रवासी कार्यकर्ताओं की बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी भी शामिल हुए।

राजस्थान विधानसभा चुनाव के लिए भी उत्तर प्रदेश के भाजपा नेताओं व पदाधिकारियों को बागडोर सौंपी गई है। 

पूर्व मंत्री और एमएलसी महेन्द्र सिंह को अजमेर संभाग में भेजा गया है। प्रदेश महामंत्री गोविंद नारायण शुक्ला को जयपुर में भाजपा प्रदेश मुख्यालय में चुनावी गतिविधियों के समन्वय और पर्यवेक्षण का दायित्व सौंपा गया है।

समाज कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण, प्रतापगढ़ के भाजपा सांसद और पार्टी के पिछड़ा वर्ग मोर्चा के राष्ट्रीय महामंत्री संगम लाल गुप्ता, राज्य सभा सदस्य और भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री सुरेन्द्र नागर तथा राज्य सभा सदस्य व भाजपा किसान मोर्चा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष विजय पाल तोमर को राजस्थान में चुनावी तैयारियों के उद्देश्य से भेजा गया है।

उल्लेखनीय है कि इससे पहले भाजपा ने उत्तर प्रदेश के अपने 100 विधायकों को मध्य प्रदेश, 65 को राजस्थान और 10 को तेलंगाना में विधानसभा चुनाव के दृष्टिगत जमीनी फीडबैक हासिल करने के लिए 10 दिवसीय प्रवास पर भेजा था।