शराबी पति से तंग आकर घर से भागी पत्नी आर्केस्ट्रा में नाचते मिली। लाख मनाने पर भी लौटने को तैयार नहीं।

शराबी पति के बारम्बार अनुरोध पर भी पत्नी उसके साथ घर लौटने को तैयार नहीं हुई। बोली- "अनाज और बर्तन बेचकर भी शराब पीते हैं।"
 
ग्लोबल भारत न्यूज नेटवर्क

बच्चों के साथ घर से भागी पत्नी आर्केस्ट्रा में नाचती मिली

डा० शक्ति कुमार पाण्डेय
राज्य संवाददाता
ग्लोबल भारत न्यूज नेटवर्क

लखनऊ, 15 मई।

शराबी पति के बारम्बार अनुरोध पर भी पत्नी उसके साथ घर लौटने को तैयार नहीं हुई। बोली- "अनाज और बर्तन बेचकर भी शराब पीते हैं।"

पति की हरकतों से तंग आकर घर छोड़कर निकली तीन बच्चों की मां तीन साल के बाद आर्केस्ट्रा के स्टेज पर नाचती मिली। 

पति ने पत्‍नी को पहचान तो लिया मगर साथ जाने का अनुरोध ठुकरा दिया।

पत्नी जब आर्केस्ट्रा के स्टेज पर नाचते हुए मिली तो इनाम देने के बहाने पति ने जाकर नजदीक से देखना चाहा तो उसका शक यकीन में बदल गया। 

पति द्वारा बच्चों सहित घर चलने के लिए लाख मनाने के बाद भी पत्नी नहीं मानी। हंगामा होने पर मामला पुलिस में पहुंचा जहां पुलिस सुलह कराने की कोशिश करती नजर आई। 

पत्नी द्वारा पति के साथ जाने से साफ इंकार कर दिया गया तो अंत में पति अपने बच्चों को देखकर ही घर वापस लौट गया। 

मिर्जापुर में बृहस्पतिवार की रात्रि राजगढ़ के नदिहार ग्राम में एक बारात आई थी, जिसमें बारातियों के मनोरंजन के लिए आर्केस्ट्रा का प्रबंध किया गया था। जिसको देखने के लिए उसी गांव का एक युवक भी आया था। 

नाचने वाली अच्छा गीत गा रही थी और डांस कर रही थी तो युवक ने उस पर गौर किया तो लगा कि उसकी पत्नी है। वह उसे इनाम देने के बहाने स्टेज पर चला गया। जैसे ही उसने नाचने वाली को पैसा दिया तो वह भौचक्का रह गया, क्योंकि नाचने वाली उसकी अपनी पत्नी ही थी। मंच के पीछे बने मेकअप रूम में झांक कर देखा तो उसका अपना बेटा बैठा हुआ था।

युवक पुनः स्टेज पर आया और पत्नी का हाथ पकड़ लिया और कहा - 'नाचो मत घर चलो'। युवक द्वारा महिला का हाथ पकड़ने पर हंगामा हो गया। इस दौरान नाच गाना बंद हो गया।

लोगों ने इसकी सूचना राजगढ़ पुलिस चौकी को दी। पुलिस दोनों को राजगढ़ चौकी ले आई तो पति पत्नी को घर चलने के लिए मनाने लगा। लेकिन पत्नी ने कहा "मैंने इनके व्यवहार से तंग आकर घर छोड़ा है। ये एक नंबर के शराबी हैंं, घर के अनाज और बर्तन बेचकर शराब पी जाते थे। किसी दिन मेरी इज्जत भी नीलाम कर देंगे इसलिए मैंने इनको और इनके घर को छोड़ा है।"

पुलिस और लोगों के काफी प्रयास के बाद भी महिला अपने फैसले पर अडिग रही और पति के साथ नहीं गई। वहीं पति लाचार होकर बच्चे से मिलकर घर को चला गया। 

इलाके में महिला की सराहना की जा रही है। राजगढ़ चौकी प्रभारी अवधेश कुमार सिंह ने बताया कि पति पत्नी में सुलह कराने का प्रयास किया गया लेकिन पत्नी नहीं मानी और पति के साथ नहीं गई। पूरे क्षेत्र में इस घटना की खूब चर्चा हो रही है।