राज्यसभा में विपक्ष के उपनेता प्रमोद तिवारी व कांग्रेस विधानमण्डल दल की नेता आराधना मिश्रा ने लोकसभा चुनाव में प्रतापगढ़ से इण्डिया गठबंधन की जीत का दावा किया।

राज्यसभा में विपक्ष के उपनेता प्रमोद तिवारी ने केन्द्र की मोदी सरकार पर चुनावी बाण्ड घोटाले के साथ किसानों तथा युवाओं समेत हर वर्ग के साथ वादाखिलाफी का आरोप लगाया है।
 
ग्लोबल भारत न्यूज

राज्यसभा में विपक्ष के उपनेता प्रमोद तिवारी व कांग्रेस विधानमण्डल दल की नेता आराधना मिश्रा ने लोकसभा चुनाव में प्रतापगढ़ से इण्डिया गठबंधन की जीत का दावा किया।

डा० शक्ति कुमार पाण्डेय
राज्य संवाददाता
ग्लोबल भारत न्यूज

प्रतापगढ़, 28 मार्च।

राज्यसभा में विपक्ष के उपनेता प्रमोद तिवारी ने केन्द्र की मोदी सरकार पर चुनावी बाण्ड घोटाले के साथ किसानों तथा युवाओं समेत हर वर्ग के साथ वादाखिलाफी का आरोप लगाया है। 

विपक्ष के उपनेता प्रमोद तिवारी ने कड़े अंदाज में जिले के मौजूदा भाजपा सांसद पर पिछले पांच वर्ष के कार्यकाल में खुद के प्रयास से जिले के विकास को लेकर एक भी योजना न ले आ पाने को भी बड़ी विफलता बताया। 

प्रमोद तिवारी गुरूवार को नगर के एक होटल में इण्डिया गठबंधन की ओर से प्रतापगढ़ लोक सभा क्षेत्र से सपा के घोषित प्रत्याशी पूर्व एमएलसी एसपी सिंह पटेल के समर्थन में आयोजित संयुक्त प्रेसवार्ता को संबोधित कर रहे थे।

कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य प्रमोद तिवारी ने कहा कि इलेक्ट्रॉल बाण्ड घोटाला से भाजपा की कलई जनता के बीच पूरी तरह खुल गयी है। 

उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार में इस चुनावी चन्दे घोटाले को लेकर श्वेत पत्र ले आने का भी नैतिक साहस नहीं बचा है। उन्होनें कहा कि यदि भाजपा में नैतिकता है तो वह श्वेत पत्र के जरिए देश को यह बताये कि जिन लोगों ने इलेक्ट्रॉल बाण्ड में पैसा दिया है उनके खिलाफ ईडी, सीबीआई और इनकम टैक्स की जांच क्यों बंद हुई। 

उन्होंने भाजपा पर कड़ा निशाना साधते हुए कहा कि जो नेता दूसरे राजनीतिक दलों से भाजपा में गये हैं, उनके ऊपर जो भ्रष्टाचार के आरोप थे अब उसमें क्या प्रगति हुयी है? 

प्रदेश कांग्रेस विधानमण्डल दल की नेता आराधना मिश्रा मोना और गठबंधन के अन्य नेताओं ने भी भाजपा सांसद का बिना नाम लिए जमकर हमला किया। 

उन्होंने कहा कि प्रतापगढ़ संसदीय सीट के वर्तमान सांसद जिनकी डबल इंजन की सरकार है, वे एक सांसद के रूप में प्रतापगढ़ के विकास के लिए एक भी योजना लाने में पूरी तरह असफल रहे हैं। 

उन्होंने कहा कि देश के आम चुनाव में इण्डिया गठबंधन इस समय देश में तीन गुना बढ़ी बेरोजगारी तथा मंहगाई को खास मुददा बनाएगी। 

उन्होंने कहा कि बेरोजगारी तीन गुना बढ़ी है फिर भी दुर्भाग्यपूर्ण यह है कि बेरोजगारों को नौकरी के नाम पर भटकाने के लिए आज पेपरलीक कराना सरकार की फितरत बन चुकी है। 

विपक्ष के उपनेता प्रमोद तिवारी ने कहा कि किसानों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य में की गयी वादाखिलाफी तथा इस सरकार में नीचे से ऊपर तक व्याप्त भ्रष्टाचार व बेलगाम नौकरशाही से त्रस्त जनता मोदी सरकार को सत्ता से बेदखल करने के लिए बदलाव के मूड मे है। 

विपक्ष के उपनेता प्रमोद तिवारी ने प्रतापगढ़ को स्वर्गीय पं. मुनीश्वर दत्त उपाध्याय तथा स्व. राजा दिनेश सिंह की राजनीतिक विरासत करार देते हुए कहा कि सपा के शिक्षित प्रत्याशी एसपी सिंह पटेल की जीत को लेकर पूरा इण्डिया गठबंधन पूरी शक्ति के साथ जीत की आंधी सुनिश्चित करेगा। 

प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए कांग्रेस विधानमण्डल दल की नेता आराधना मिश्रा मोना ने कहा कि भाजपा की हुकूमत में देश के हर कोने मे महिलाओं पर अत्याचार बढ़े हैं। 

उन्होंने कहा कि पिछले विधानसभा चुनाव में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रामपुर खास मे उनका समर्थन किया था। ऐसे मे विधायक मोना ने दावे भरे अंदाज में कहा कि इस लोकसभा चुनाव में सपा प्रत्याशी एसपी सिंह पटेल की जीत मे रामपुर खास पूरी दृढ़ता से निर्णायक भूमिका निभाने को तैयार है। 

प्रेसवार्ता में सपा के घोषित प्रत्याशी एसपी सिंह पटेल ने प्रतापगढ़ में शैक्षिक माहौल की मजबूती का वायदा जताते हुए यहां के विकास का अपना एजेण्डा भी रखा। 

उन्होंने केंद्र एवं राज्य सरकार की कई योजनाओं मे पारदर्शिता न होने के कारण जनता का भाजपा से विश्वास खत्म होने का भी दावा जताया। 

पूर्व एमएलसी कांती सिंह पटेल ने भी वार्ता के दौरान सपा की जीत में इण्डिया गठबंधन के नेताओं से सहयोग मांगा। 

पूर्व विधायक नागेन्द्र यादव मुन्ना, वरिष्ठ कांग्रेस नेता पं. श्यामकिशोर शुक्ल, जिला कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. लालजी त्रिपाठी, सदर से कांग्रेस पूर्व प्रत्याशी डॉ. नीरज त्रिपाठी, इण्डिया गठबंधन के जिला संयोजक महेन्द्र दुबे, आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष दिनेश उपाध्याय, सीपीआईएम के जिला सचिव रामबरन सिंह ने भी वार्ता में इण्डिया गठबंधन के जीत को लेकर दावे जताये। 

वार्ता के दौरान सपा जिला महासचिव अब्दुल कादिर जिलानी, प्रमोद तिवारी के मीडिया प्रभारी ज्ञानप्रकाश शुक्ल, नगर कांग्रेस अध्यक्ष इरफान अली, डॉ. प्रशान्तदेव शुक्ल, संजय पटेल, पूर्व प्रमुख विनय सिंह आदि भी मौजूद रहे।

इसके पहले राज्यसभा में विपक्ष के उपनेता प्रमोद तिवारी तथा कांग्रेस विधानमण्डल दल की नेता आराधना मिश्रा मोना का गुरूवार को नगर पहुंचने पर पार्टी कार्यकर्ताओ ने जोरदार स्वागत किया। 

शहर के बाबागंज मे सदर से पार्टी के पूर्व प्रत्याशी डॉ. नीरज त्रिपाठी की अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने विपक्ष के उपनेता प्रमोद तिवारी व सीएलपी नेता आराधना मिश्रा मोना का माल्यार्पण कर उत्साहजनक स्वागत किया। 

प्रमोद तिवारी व आराधना मिश्रा मोना ने कार्यकर्ताओं से सपा के प्रत्याशी एसपी सिंह पटेल की जीत सुनिश्चिित बनाने में जुटने को कहा। 

स्वागत करने वालों में वरिष्ठ नेता पं. श्यामकिशोर शुक्ल, जिलाध्यक्ष डा. लालजी त्रिपाठी, शहर अध्यक्ष इरफान अली, गल्ली तिवारी, डा. प्रशान्तदेव शुक्ल, दानिश माबूद आदि रहे।