बढ़ते तापमान ने किया जनजीवन का हाल-बेहाल, 46 डिग्री सेल्सियस तक तापमान पहुंचने का अनुमान

तापमान में बढ़ोतरी के साथ लोगों को लू के थपेड़ों का सामना करना पड़ेगा। यूपी के तमाम इलाकों में तापमान 42 डिग्री के आसपास पहुंच गया है। लखनऊ, गाजियाबाद, नोएडा, प्रयागराज, प्रतापगढ़ जैसे जिलों में अगले दो दिनों तक लू चलने की संभावना जताई गई है।
 
Pratapgarh weather report

ग्लोबल भारत न्यूज़ नेटवर्क

प्रतापगढ़, 20 अप्रैल:- गर्मी ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिया है, बढ़ते तापमान से जनजीवन का हाल-बेहाल कर दिया है। चिलचिलाती धूप ने लोगों को घरों में रहने पर मजबूर कर दिया है। मौमस विभाग की मानें तो 30 अप्रैल तक प्रदेश के विभिन्न इलाकों में तापमान 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है। तापमान में बढ़ोतरी के साथ लोगों को लू के थपेड़ों का सामना करना पड़ेगा। यूपी के तमाम इलाकों में तापमान 42 डिग्री के आसपास पहुंच गया है। लखनऊ, गाजियाबाद, नोएडा, प्रयागराज, प्रतापगढ़ जैसे जिलों में अगले दो दिनों तक लू चलने की संभावना जताई गई है।

बच्चों को ज्यादा खतरा- गर्मी में बच्चों को कई तरह की दिक्कतें होती हैं। इसमें सबसे आम लू लगना और डिहाइड्रेशन है। इसमें दस्त और उल्टी से बच्चे के शरीर में पानी की कमी हो जाती है। इन बीमारियों से उन्हें बचाने के लिए जरूरी है कि अच्छे से खाना-पीना कराने के बाद ही बाहर जाने दें। बहुत जरूरी न हो तो धूप में बच्चे को बाहर नहीं जाने दें। छोटे बच्चों को भी धूप में लेकर नहीं निकलें। सूती कपड़े पहनाएं, जिसमें पूरा शरीर ढंका हो। हाल के दिनों में तेजी से मौसम का मिजाज अपेक्षा से अधिक गर्म हुआ है। चिकित्सक का मानना है कि ऐसे में डिहाइड्रेशन का खतरा बढ़ जाता है। खास तौर पर बच्चे इसकी जद में जल्द आ जाते हैं।

मौसम विभाग ने हल्की बारिश की संभावना जताई- मौसम विभाग ने हल्की बारिश की संभावना जताई है, हालांकि इससे तापमान पर कोई खास असर नहीं पड़ेगा। बारिश के बाद जलन वाली गर्मी जरूर कम होने का अनुमान है। इसके बाद उमस का असर दिखना शुरू हो जाएगा। अधिकतम तापमान 41 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान जताया गया है। न्यूनतम तापमान भी 25 डिग्री सेल्सियस के करीब रह सकता है।