विनय त्रिपाठी बने DIG CRPF, विशेष समारोह का हुआ आयोजन
विनय त्रिपाठी बने DIG CRPF, विशेष समारोह का हुआ आयोजन
गौरव तिवारी ग्लोबल भारत।
अमेठी। केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल के नव आरक्षी प्रशिक्षण केंद्र, अमेठी में विनय कुमार त्रिपाठी के पुलिस उप महानिरीक्षक (DIG) पद पर पदोन्नत होने के गौरवपूर्ण अवसर पर राजपत्रित अधिकारी मेस में हर्षोल्लास, आत्मीयता एवं गरिमामय वातावरण में एक विशेष समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर आयोजित रैंक सेरेमनी ने कार्यक्रम को विशेष गौरव एवं सम्मान प्रदान किया।
समारोह में मदन कुमार, उप महानिरीक्षक, ग्रुप केंद्र, अमेठी तथा डॉ. निशीत कुमार, पुलिस उप महानिरीक्षक एवं प्राचार्य, नव आरक्षी प्रशिक्षण केंद्र, अमेठी सहित अन्य अधिकारीगण अपने परिवारों के साथ उपस्थित रहे। सभी ने इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के साक्षी बनकर त्रिपाठी को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य तथा सफल कार्यकाल की कामना की।
रैंक सेरेमनी के दौरान नई रैंक धारण करने के गौरवपूर्ण क्षण को उपस्थित अधिकारियों एवं परिजनों ने उत्साह और आत्मीयता के साथ साझा किया। समारोह में बधाइयों, शुभकामनाओं एवं अभिवादन का अनवरत दौर चलता रहा। सभी ने त्रिपाठी की इस उपलब्धि को उनकी कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन, समर्पण एवं व्यावसायिक दक्षता का सम्मान बताते हुए इसे व्यक्तिगत उपलब्धि के साथ-साथ पूरे सीआरपीएफ परिवार के लिए गौरव का विषय बताया।
इस विशेष अवसर को और यादगार बनाने के लिए राजपत्रित अधिकारी मेस में एक विशेष पार्टी का आयोजन भी किया गया। अधिकारियों एवं उनके परिजनों ने आपसी मेल-मिलाप, सौहार्दपूर्ण संवाद और खुशनुमा पलों का भरपूर आनंद उठाया। समारोह का वातावरण मित्रता, पारिवारिक आत्मीयता और संगठनात्मक एकजुटता से सराबोर रहा। उपस्थित अधिकारियों की सहभागिता ने इस आयोजन को औपचारिक कार्यक्रम से आगे बढ़ाकर एक आत्मीय एवं अविस्मरणीय मिलन समारोह का स्वरूप प्रदान किया।
यह आयोजन केवल पदोन्नति का उत्सव नहीं, बल्कि मित्रता, पारस्परिक सम्मान और सीआरपीएफ परिवार की उस सशक्त भावना का प्रतीक भी बना, जिसमें प्रत्येक अधिकारी की उपलब्धि पूरे संगठन के लिए सामूहिक गौरव का अवसर बन जाती है। समारोह ने बल की गौरवशाली परंपराओं, आपसी विश्वास और एकजुटता की भावना को एक बार फिर सुदृढ़ किया। इस अवसर पर महेश कुमार मीणा कमांडेंट समूह केंद्र अमेठी अरुण कुमार सिंह उप कमांडेंट पुष्कर सिंह बड़वाल उप कमांडेंट, राहुल मालपोत्रा सीएमओ, अभिषेख यादव, विनायक रंजन , चंदन , सुधीर दूबे सहायक कमांडेंट उपस्थित रहे।




