लखनऊ के मोहनलालगंज इलाके में व्यापार मंडल के अध्यक्ष की गोली मारकर हत्या।

पुलिस आयुक्त डीके ठाकुर समेत अन्य अधिकारी मेदांता अस्पताल पहुंचे और फिर घटनास्थल का निरीक्षण किया। मौके से एक तमंचा और आठ कारतूस बरामद किए गए हैं।
 
लखनऊ के मोहनलालगंज इलाके में व्यापार मंडल के अध्यक्ष की गोली मारकर हत्या।

डा. एस. के. पाण्डेय
राज्य संवाददाता
ग्लोबल भारत न्यूज नेटवर्क

लखनऊ, 20 दिसम्बर।
राजधानी लखनऊ के मोहनलालगंज इलाके में आज रविवार की शाम को प्रधान पति और मोहनलालगंज व्यापार मंडल के अध्यक्ष सुजीत कुमार पांडेय की गोली मारकर हत्या कर दी गई।

स्थानीय लोगों ने बताया कि सुजीत पाण्डेय अपने ईंट भट्टे पर जा रहे थे। इसी दौरान भट्टे के गेट पर पहले से घात लगाकर खड़े बाइक सवार बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसानी शुरू कर दी। खुद को बचाने के लिए सुजीत ने सफारी गाड़ी तेजी से बढ़ाई और बचाव में बदमाशों पर फायरिंग की, लेकिन बदमाश बच गए।

गोली लगने से सुजीत कुमार पांडेय जमीन पर गिर पड़े। गोलियों की तड़तड़ाहट से आसपास मौजूद लोगों में खलबली मच गई। इस बीच बदमाश यह पुष्टि करने के लिए दोबारा पहुंचे कि सुजीत जीवित तो नहीं हैं और उन्हें करीब से देख कर वापस लौट गए। स्थानीय लोगों ने बदमाशों पर पथराव कर उन्हें पकड़ने की कोशिश की। इस दौरान एक हमलावर का असलहा वहीं गिर गया। हालांकि स्थानीय लोग बदमाशों को पकड़ नहीं पाए। बाइक सवार बदमाश मौके से भाग निकले।

आसपास के लोगों की मदद से सुजीत को मेदांता अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस आयुक्त डीके ठाकुर समेत अन्य अधिकारी मेदांता अस्पताल पहुंचे और फिर घटनास्थल का निरीक्षण किया। मौके से एक तमंचा और आठ कारतूस बरामद किए गए हैं। शुरुआती छानबीन में हत्या का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है।

उधर, हत्या की जानकारी पाकर बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। पुलिस आयुक्त का कहना है कि पुलिस टीम गठित कर बदमाशों की तलाश की जा रही है। जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।