प्रतापगढ़: आसपुर देवसरा में जमीन विवाद में खूनी संघर्ष, वृद्ध की पीट-पीटकर हत्या, बेटा गंभीर, दो महिलाएं घायल

प्रतापगढ़: आसपुर देवसरा में जमीन विवाद में खूनी संघर्ष, वृद्ध की पीट-पीटकर हत्या, बेटा गंभीर, दो महिलाएं घायल
गौरव तिवारी ब्यूरो चीफ प्रतापगढ़।
प्रतापगढ़। जनपद के आसपुर देवसरा थाना क्षेत्र के बाभनपुर गांव में जमीन के पुराने विवाद ने खूनी रूप ले लिया। गुरुवार सुबह दो पक्षों में हुई मारपीट में एक 62 वर्षीय वृद्ध की मौत हो गई, जबकि उसका बेटा गंभीर रूप से घायल है। घटना में दो महिलाएं भी घायल हुई हैं।
जानकारी के अनुसार बाभनपुर निवासी दयाशंकर वर्मा (62) का पड़ोसियों से जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। आरोप है कि इसी रंजिश में गुरुवार सुबह करीब 6 बजे पड़ोसी पक्ष ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
हमले में दयाशंकर वर्मा, उनका बेटा धर्मराज (30), रीता देवी (35) पत्नी कमलेश वर्मा और रीता देवी (25) पत्नी धर्मराज गंभीर रूप से घायल हो गए। शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और डायल 112 को सूचना दी।
पुलिस ने सभी घायलों को 108 एंबुलेंस से पट्टी सीएचसी भिजवाया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने पिता-पुत्र को जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान दयाशंकर वर्मा ने दम तोड़ दिया। धर्मराज की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है, जबकि दोनों महिलाओं को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।
वृद्ध की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
थानाध्यक्ष राकेश चौरसिया ने बताया कि घायल का इलाज चल रहा है, एक की मौत हुई है। परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।


