सावन मेला 2026 समापन पर बाबा भयहरणनाथ धाम में मनाया गया बकुलाही नदी पुनरोद्धार दिवस।
ऐतिहासिक एवं धार्मिक पर्यटन स्थल बाबा भयहरणनाथ धाम, कटरा गुलाब सिंह में आज दिनांक 28 अगस्त को बकुलाही नदी पुनरोद्धार दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।

सावन मेला 2026 समापन पर बाबा भयहरणनाथ धाम में मनाया गया बकुलाही नदी पुनरोद्धार दिवस।
डा० शक्ति कुमार पाण्डेय
ग्लोबल भारत न्यूज
प्रतापगढ़, 28 अगस्त।
ऐतिहासिक एवं धार्मिक पर्यटन स्थल बाबा भयहरणनाथ धाम, कटरा गुलाब सिंह में आज दिनांक 28 अगस्त को बकुलाही नदी पुनरोद्धार दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।
कार्यक्रम में सर्वप्रथम बाबा भयहरणनाथ महादेव एवं जीवनदायिनी माँ बकुलाही मैया का वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजन, आरती एवं पुष्प अर्पण किया गया। बकुलाही नदी के तट पर स्थित चेक डैम पुल पर आयोजित इस कार्यक्रम में बकुलाही को अविरल और निर्मल बनाए रखने का संकल्प लेते हुए सरकार व समाज से अपेक्षित कार्यों को जल्द पूर्ण कराके नदी को सदानीरा करने का प्रण लिया गया।
भयहरणनाथ धाम क्षेत्रीय विकास संस्थान के महासचिव व बकुलाही नदी पुनरोद्धार अभियान के संयोजक समाज शेखर ने धर्म पत्नी प्रीति समाज के साथ विधि विधान से बकुलाही मैया व भोले भयहरणनाथ का पूजन किया।
पूजन आचार्य श्रवण शास्त्री के संयोजन में विद्वत मंडल द्वारा संपन्न हुआ। साथ ही इस अवसर पर सावन मेला में अपनी सेवा देने वाले अस्थाई थाना प्रभारी सुशील कटियार व चौकी प्रभारी कटरा गुलाब सिंह सहित सभी सुरक्षाकर्मी भाइयों का रक्षासूत्र बंधन कार्यक्रम भी आयोजित किया गया, जिसमें अध्यक्ष राज कुमार शुक्ल के मार्गदर्शन में पुलिस विभाग के जवानों को प्रबन्ध समिति सदस्यों ने राखी बांधकर सुरक्षा व सुव्यवस्था हेतु आभार व्यक्त किया।
गौरतलब है कि भयहरणनाथ धाम क्षेत्रीय विकास संस्थान द्वारा वर्ष 2011 से आज की ही तिथि 28 अगस्त से निरंतर चलाए जा रहे बकुलाही पुनरोद्धार अभियान के 15 वर्ष पूर्ण हो रहे हैं। अभियान के परिणामस्वरूप आज बकुलाही नदी की प्राचीन व नई दोनों धारा पुनः अविरल धारा के साथ प्रवाहित हो रही है, जिसका दृश्य आज के कार्यक्रम में स्पष्ट रूप से देखने को मिला।
इस अवसर पर धाम के महंत दंडी स्वामी महेशाश्रम जी महाराज, बीजेपी के वरिष्ठ पदाधिकारी शिवकांत द्विवेदी, अध्यक्ष राज कुमार शुक्ल, महासचिव समाज शेखर, प्रीति समाज, सचिव संगठन राज किशोर मिश्र, प्रभाकर पांडेय, ज्ञान प्रकाश मिश्र, दुलारे सरोज व कार्यालय प्रभारी नीरज मिश्र आदि गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

