शिक्षक राष्ट्र और समाज के भविष्य के निर्माता: डॉ. निशाकांत ओझा
लायंस क्लब प्रतापगढ़ हर्ष ने शिक्षक दिवस पर आयोजित किया शिक्षक सम्मान समारोह, जिसमें शिक्षाविदों एवं क्लब के शिक्षक सदस्यों को किया सम्मानित।

शिक्षक राष्ट्र और समाज के भविष्य के निर्माता: डॉ. निशाकांत ओझा
डा० शक्ति कुमार पाण्डेय
ग्लोबल भारत न्यूज
प्रतापगढ़, 5 सितंबर।
लायंस क्लब प्रतापगढ़ हर्ष ने शिक्षक दिवस पर आयोजित किया शिक्षक सम्मान समारोह, जिसमें शिक्षाविदों एवं क्लब के शिक्षक सदस्यों को किया सम्मानित।
लायंस क्लब प्रतापगढ़ हर्ष की ओर से शिक्षक दिवस के अवसर पर नगर स्थित एक होटल में शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।
समारोह की अध्यक्षता क्लब अध्यक्ष लायन श्याम शंकर शुक्ल ‘श्याम’ ने की। मुख्य अतिथि लोकमान्य तिलक इंटर कॉलेज के पूर्व प्राचार्य डॉ. निशाकांत ओझा रहे।
समारोह में शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले शिक्षकों एवं शिक्षाविदों को माल्यार्पण कर अंगवस्त्र और सम्मान-पत्र प्रदान किया गया। सम्मानित होने वालों में पूर्व प्रधानाचार्य कमलाकांत त्रिपाठी, पूर्व प्रधानाचार्य पं. लालता प्रसाद पाण्डेय, राजकीय इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य कुलश्रेष्ठ तिवारी, पीबी डिग्री कॉलेज के पूर्व प्राचार्य बृज भानु सिंह, न्यू एंजिल्स इंटर कॉलेज की निदेशक डॉ. शाहिदा, सहायक अध्यापक राजमणि रजक, स्कॉलर्स एकेडमी के निदेशक विवेक त्रिपाठी तथा लोकमान्य तिलक इंटर कॉलेज के पूर्व प्राचार्य डॉ. निशाकांत ओझा शामिल रहे।
इसके साथ ही लायंस क्लब के शिक्षक सदस्यों लायन श्याम शंकर शुक्ल ‘श्याम’, राजेश बहादुर पाल, पवन कुमार मिश्र और लालजी तिवारी को भी शिक्षा एवं समाजसेवा के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि डॉ. निशाकांत ओझा ने कहा, “शिक्षक केवल पाठ्यक्रम नहीं पढ़ाता, बल्कि विद्यार्थियों के चरित्र, संस्कार और भविष्य का निर्माण करता है। बदलते समय में शिक्षकों की जिम्मेदारी और अधिक बढ़ गई है। शिक्षा का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल रोजगार के योग्य बनाना नहीं, बल्कि उन्हें संवेदनशील, अनुशासित और जिम्मेदार नागरिक बनाना भी है।”
पं. लालता प्रसाद पाण्डेय ने कहा, “शिक्षक और सड़क स्वयं कहीं नहीं जाते, लेकिन उन पर चलने वाले अपने लक्ष्य तक पहुंचकर भविष्य का निर्माण कर लेते हैं। शिक्षक का मार्गदर्शन विद्यार्थी के जीवन को सही दिशा प्रदान करता है।”
कमलाकांत त्रिपाठी ने कहा कि भारतीय संस्कृति में गुरु को सर्वोच्च स्थान दिया गया है। समाज को शिक्षकों के अनुभव, ज्ञान और समर्पण का सदैव सम्मान करना चाहिए। लायंस क्लब द्वारा शिक्षकों को सम्मानित करने की यह पहल अन्य सामाजिक संस्थाओं के लिए भी प्रेरणादायक है।
राजकीय इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य कुलश्रेष्ठ तिवारी ने कहा, “शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य विद्यार्थियों में ज्ञान के साथ अनुशासन, तर्कशक्ति और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना है।
उन्होंने कहा कि शिक्षक को विद्यार्थियों की प्रतिभा पहचानकर उन्हें आगे बढ़ने के अवसर प्रदान करने चाहिए।”
पीबी डिग्री कॉलेज के पूर्व प्राचार्य बृज भानु सिंह ने कहा, “राष्ट्र निर्माण में शिक्षकों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। शिक्षित युवा ही समाज को नई दिशा दे सकते हैं। शिक्षक अपने ज्ञान और अनुभव से विद्यार्थियों को चुनौतियों का सामना करने के योग्य बनाता है।”
न्यू एंजिल्स इंटर कॉलेज की निदेशक डॉ. शाहिदा ने कहा, “वर्तमान समय में शिक्षा को तकनीक, संस्कार और मानवीय मूल्यों के साथ जोड़ना आवश्यक है। बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के साथ उनमें आत्मविश्वास, संवेदनशीलता और रचनात्मकता विकसित करना भी शिक्षकों का दायित्व है।”
स्कॉलर्स एकेडमी के निदेशक विवेक त्रिपाठी ने कहा, “बदलते दौर में शिक्षकों को नई शिक्षण पद्धतियों और डिजिटल तकनीक को अपनाना चाहिए। तकनीक शिक्षक का विकल्प नहीं, बल्कि शिक्षा को अधिक प्रभावी और रुचिकर बनाने का माध्यम है। शिक्षक के मार्गदर्शन से ही विद्यार्थी इसका सकारात्मक उपयोग करना सीख सकते हैं।”
अध्यक्ष लायन श्याम शंकर शुक्ल ‘श्याम’ ने कहा कि शिक्षक समाज की सबसे मजबूत नींव हैं। विद्यार्थियों को सही दिशा देकर शिक्षक राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। क्लब भविष्य में भी शिक्षा, स्वास्थ्य और समाजसेवा से जुड़े कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा।
कार्यक्रम का संचालन क्लब सचिव संतोष भगवन ने किया।
समारोह में डॉ. रवि शंकर पाण्डेय, सतीश चंद्र शर्मा, दिनेश प्रताप सिंह, राजेंद्र बहादुर सिंह, अशोक सिंह, अरविंद सिंह, कृष्ण प्रताप सिंह, मधुकर शर्मा, अश्वनी सिंह, जोन चेयरपर्सन कुसुम गुप्ता पिंकी दयाल, क्षितिज श्रीवास्तव और आशुतोष त्रिपाठी, अनिल पाण्डेय विद्यार्थी सहित क्लब के पदाधिकारियों एवं सदस्यों की सक्रिय भूमिका रही।



