एक नवम्बर को तुलसीसदन में लगेगा मेगा विधिक सहायता एवं जागरूकता शिविर
पात्र एवं जरूरतमंदों तक पहुंचाएं शासन की योजनाओं का लाभ- जिला जज

जिला जज ने मेगा विधिक सहायता एवं जागरूकता शिविर की तैयारियों को लेकर की बैठक
गौरव तिवारी ब्यूरो चीफ प्रतापगढ़।
प्रतापगढ़। जनपद की आम जनता के विधिक सशक्तीकरण तथा पात्र एवं जरूरतमंद लोगों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के उद्देश्य से 01 नवम्बर 2026 को तुलसीसदन (हादीहाल) में मेगा/वृहद विधिक सहायता एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया जाएगा।
शिविर की तैयारियों के सम्बन्ध में जनपद न्यायाधीश डॉ. बब्बू सारंग की अध्यक्षता में न्यायालय सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद न्यायाधीश ने बताया कि मेगा शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा निर्बल वर्ग, दिव्यांगजन, बच्चों, महिलाओं, असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति सहित अन्य पात्र वर्गों के लिए संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। विभिन्न योजनाओं के पात्र लाभार्थियों का चिन्हांकन एवं पंजीकरण कराकर उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाया जाएगा। साथ ही आमजन को उनके विधिक अधिकारों तथा शासन की कल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक किया जाएगा।जनपद न्यायाधीश ने सम्बन्धित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने विभाग की योजनाओं की प्रदर्शनी एवं स्टॉल लगाकर आमजन को योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराएं। इसके साथ ही पहले से चिन्हित पात्र लाभार्थियों को शिविर में आमंत्रित कर उन्हें योजनाओं से लाभान्वित करना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि मेगा शिविर का मुख्य उद्देश्य शासन की योजनाओं का लाभ पात्र एवं जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाना है। इसलिए सभी अधिकारी निर्धारित समय में तैयारियां पूर्ण करें, जिससे शिविर में अधिक से अधिक पात्र व्यक्तियों को लाभान्वित किया जा सके। उन्होंने अधिकारियों को मेगा शिविर में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की सूचना समय से उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए, ताकि उनका समुचित संकलन कर कार्यक्रम को व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराया जा सके। बैठक में एडीजे जितेन्द्र कुमार द्विवेदी, सीजेएम कुमुद उपाध्याय, सिविल जज सी०डिवीजन/सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण शांभवी, अपर जिलाधिकारी (वि0/रा0) प्रेमचन्द मौर्य, डीएफओ आशुतोष गुप्ता, परियोजना निदेशक डीआरडीए दयाराम यादव, परियोजना अधिकारी डूडा सीमा भारती सहित सम्बन्धित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।



