कलयुगी प्रेमी की हैवानियत: गर्भवती प्रेमिका की हत्या कर नहर में फेंका शव
दो दिन पूर्व संग्रामगढ़ थाना क्षेत्र में एक नहर में मिला था शव, आरोपी गिरफ्तार

प्रतापगढ़। प्यार और विश्वास के रिश्ते को शर्मसार करने वाली एक घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। लालगंज इलाके में एक शख्स ने अपनी ही 6 महीने की गर्भवती प्रेमिका को मौत के घाट उतार दिया। शादी का दबाव बनाने पर प्रेमी इस कदर हैवान बना कि उसने पहले प्रेमिका को जहर देने की कोशिश की और फिर गला दबाकर उसकी जान ले ली। इतना ही नहीं, अपनी पहचान छिपाने के लिए लाश को कार की डिग्गी में लादकर नहर में फेंक दिया। पुलिस ने इस अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
मामला लालगंज थाना क्षेत्र का है, जहां 15 मार्च को एक 25 वर्षीय युवती इलाज के बहाने घर से निकली और रहस्यमयी हालात में लापता हो गई। दो दिन बाद 17 मार्च को संग्रामगढ़ की शारदा सहायक नहर में युवती की लाश मिलने से सनसनी फैल गई। जब पुलिस ने तफ्तीश शुरू की, तो कड़ियाँ आरोपी अनुज सिंह से जाकर जुड़ीं। गिरफ्त में आए अनुज ने जो खुलासा किया वो रोंगटे खड़े कर देने वाला था।अनुज ने पुलिस को बताया कि मृतका गर्भवती थी और उस पर साथ रहने का दबाव बना रही थी। लेकिन अनुज की शादी कहीं और तय हो चुकी थी। पीछा छुड़ाने के लिए अनुज उसे अपने टायर गोदाम पर ले गया। वहां पहले उसे कोल्डड्रिंक में जहर देकर मारने की कोशिश की और जब नाकाम रहा, तो बेरहमी से उसका गला दबा दिया। कत्ल के बाद आरोपी ने लाश को अपनी अर्टिगा कार की डिग्गी में डाला और रात के अंधेरे में गोदाही नहर में फेंक दिया। एसपी दीपक भूकर के निर्देश पर लालगंज पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को रायपुर तियाई के पास से दबोच लिया। प्यार, धोखा और फिर कत्ल की इस दास्तां ने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया है।

पुलिस की गिरफ्त में आया कलयुगी प्रेमी

