विधायक जी नें गाई कजरी! पूर्व आयुक्त के साथ दिया गुड़िया सम्मान
भयहरण नाथ धाम में नाग पंचमी पर आयोजित हुआ घुघुरी लोक उत्सव

*भयहरणनाथ धाम में नागपंचमी पर हुआ “घुघुरी लोक उत्सव”का भव्य आयोजन*
*प्रतापगढ़ गौरव सम्मान, बाबू गुलाब सिंह समाज रत्न और गुड़िया सम्मान से विशिष्ट व्यक्तित्वों को किया गया सम्मानित*
प्रतापगढ़। प्रसिद्ध पांडवकालीन धार्मिक एवं पर्यटन स्थल भयहरणनाथ धाम में सावन मेला के अंतर्गत रविवार को नागपंचमी के अवसर पर भव्य “घुघुरी लोक उत्सव” का आयोजन किया गया। भयहरणनाथ धाम क्षेत्रीय विकास संस्थान, बकुलाही पुनरोद्धार अभियान एवं कटरा गुलाब सिंह नागरिक विकास परिषद के संयुक्त तत्वावधान में जनपद, क्षेत्र व समाज की सेवा में उल्लेखनीय योगदान देने वाले विशिष्टजनों को सम्मानित को प्रतापगढ़ गौरव सम्मान, बाबू गुलाब सिंह समाज रत्न और गुड़िया सम्मान से सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विश्वनाथगंज के विधायक जीत लाल पटेल ने परम्परा गत कजरी का गायन करके सभी का उत्साह बढ़ाया और कहा कि जो समाज अपनी परम्परा व संस्कृति को जीवंत करता है वह सदैव सभी के लिए कल्याण कारी होता है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व जिलाधिकारी प्रतापगढ़ व पूर्व आयुक्त आर एस वर्मा की।

प्रारंभ में ही सभी का स्वागत करते हुए लोक उत्सव के संयोजक महासचिव समाज शेखर ने धाम की रूप रेखा प्रस्तुत की। वहीं नगर पंचायत अध्यक्ष कटरा गुलाब सिंह अशोक कुमार मुन्ना यादव ने समारोह में सभी का स्वागत करते हुए आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर प्रतापगढ़ गौरव सम्मान से साहित्यकार सुनील प्रभाकर, पूर्व प्रवक्ता जीजीआईसी श्रीमती जया मोहन श्रीवास्तव, राष्ट्रीय पार्श्व एवं लोकगायिका श्रीमती प्रतिमा मिश्रा तथा राष्ट्रीय गीतों के रचनाओं हेतु ओम प्रकाश गुप्त को सम्मानित किया गया। वहीं अमर क्रांतिकारी बाबू गुलाब सिंह समाज रत्न सम्मान से आलोक आजाद, अध्यक्ष, जांबाज हिन्दुस्तानी सेवा समिति, डी के शर्मा, संयोजक, लोक भारती प्रतापगढ़, दिनेश अग्रहरि, सुप्रसिद्ध व्यवसायी, कटरा गुलाब सिंह, राजेन्द्र प्रसाद पटेल, अग्रणी किसान, होलागढ़ प्रयागराज तथा मो. जलालउद्दीन, किसान नेता को सम्मानित किया गया।

उत्कृष्ट योगदान हेतु विशिष्ट महिलाओ को गुड़िया सम्मान दिया गया जिसमे डॉ. उषा मिश्रा, पूर्व विभागाध्यक्ष हिन्दी, प्रयाग महिला विद्यापीठ प्रयागराज , आकांक्षा सिंह, अधिवक्ता, उच्च न्यायालय इलाहाबाद, सुश्री अंजलि वैश्य, नीट परीक्षा उत्तीर्ण, श्रीमती नीतू गौतम, किसान नेता, डॉ. रीता सिंह, शिक्षाविद् सुश्री अंशू सिंह, संचालिका, ब्यूटी पार्लर व सिलाई केंद्र उल्लेखनीय है। वहीं तय हुआ कि घोषित सम्मान के चयनित विशिष्ट जन जो कार्यक्रम में किसी वजह से प्रतिभाग नही कर सके उन्हे यह सम्मान शीघ् प्रतिनिधि मंडल उनसे संपर्क कर सौपेने का सार्वजनिक निर्णय हुआ।

उत्सव में लोक सांस्कृतिक कार्यक्रम, व सावनी गीतों की विभिन्न प्रस्तुतियां हुई लोक गायक अजब नारायण पांडेय व साथियों की प्रस्तुतियां सराही गई , 2 किमी दौड़ प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। विजेताओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में साहित्य भूषण सम्मान से विभूषित जन कवि प्रकाश जी की 56 वीं कृति “वो पथिक प्रिय” का लोकार्पण भी किया गया। साथ ही विराट कवि सम्मेलन भी हुआ जिसमें जन कवि जय प्रकाश शर्मा, नजर इलाहाबादी, डॉ. उषा मिश्रा, डॉ. अशोक अग्रहरि, सुनील प्रभाकर व विवेक सुमन आदि नामचीन कवि ने अपनी रचनाएं प्रस्तुत कर सभी को आनंदित किया ।

इस अवसर पर प्रमुख रूप से महंत महेशाश्रम जी महाराज, धाम के अध्यक्ष राज कुमार शुक्ल, उपाध्यक्ष वित्त राजीव नयन मिश्र, पतंजलि योग पीठ के मार्गदर्शक गुरु राजेंद्र अग्रहरि मुन्ना जी, मन्दिर व्यवस्था समिति के सचिव मुरली पांडेय, मेला समिति से शत्रुघ्न सिंह, मनीराम पटेल व आदर्श पांडेय व हेमराज अग्रहरि तथा कार्यालय प्रभारी नीरज मिश्र ने विशेष योगदान दिया ।


