कृषि भवन परिसर में आयोजित हुआ जनपद स्तरीय मिलेट्स महोत्सव, श्रीअन्न के पौष्टिक उत्पादों की लगी प्रदर्शनी
मिलेट्स महोत्सव में किसानों को श्रीअन्न की खेती, उत्पादन तकनीक एवं पोषण संबंधी महत्व की दी गई जानकारी

कृषि भवन परिसर में आयोजित हुआ जनपद स्तरीय मिलेट्स महोत्सव, श्रीअन्न के पौष्टिक उत्पादों की लगी प्रदर्शनी

मिलेट्स महोत्सव में किसानों को श्रीअन्न की खेती, उत्पादन तकनीक एवं पोषण संबंधी महत्व की दी गई जानकारी
प्रतापगढ़ । कृषि भवन परिसर प्रतापगढ़ में कृषि विभाग द्वारा एक दिवसीय जनपद स्तरीय मिलेट्स महोत्सव एवं मेला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ किसान मोर्चा के पूर्व अध्यक्ष विजय मिश्रा एवं राज्यसभा सांसद प्रतिनिधि राय साहब सिंह द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। महोत्सव में जनपद के विभिन्न विकास खण्डों से हजारों की संख्या में प्रगतिशील कृषकों ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य किसानों को मिलेट्स (श्रीअन्न) की खेती के प्रति प्रोत्साहित करना, इसकी उन्नत उत्पादन तकनीकों से अवगत कराना तथा श्रीअन्न के पोषण संबंधी महत्व एवं दैनिक जीवन में इसके उपयोग के प्रति जागरूक करना रहा। कार्यक्रम के दौरान कृषि विभाग की ओर से कस्टम हायरिंग सेन्टर की स्थापना के लाभार्थी अखिलेश कुमार सरोज को चाभी एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। प्रधान वैज्ञानिक कृषि विज्ञान केन्द्र अवधेश कुमार सिंह द्वारा रबी एवं मिलेट्स की फसलों की उन्नत उत्पादन तकनीकों, फसल प्रबन्धन एवं कृषि सम्बन्धी महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई। जिला उद्यान अधिकारी सुनील शर्मा द्वारा उद्यान विभाग से संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। जिला कृषि अधिकारी अशोक कुमार द्वारा रबी फसलों की तैयारी, खाद एवं बीज की उपलब्धता तथा विभागीय योजनाओं के सम्बन्ध में कृषकों को अवगत कराया गया।
उप कृषि निदेशक अश्विनी कुमार सिंह द्वारा मिलेट्स के अधिकतम उत्पादन, संरक्षण, भण्डारण एवं प्रसंस्करण के साथ-साथ इनसे तैयार होने वाले विभिन्न पौष्टिक व्यंजनों तथा दैनिक जीवन में इनके उपयोग के विषय में विस्तार से जानकारी दी गई। उन्होंने श्रीअन्न को उत्तम स्वास्थ्य की कुंजी बताते हुए कृषकों को इसकी खेती एवं उपभोग को बढ़ावा देने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कृषकों को कृषि विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाने तथा आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाकर कृषि उत्पादन एवं आय में वृद्धि करने का आह्वान किया।

महोत्सव में जनपद के विभिन्न प्रतिष्ठानों एवं श्री वेंकटेश उद्योग चिलबिला द्वारा ज्वार, बाजरा, रागी, सांवा, कोदो, कुटकी, कंगनी एवं चेना आदि मिलेट्स से निर्मित विभिन्न खाद्य उत्पादों एवं पौष्टिक व्यंजनों की आकर्षक प्रदर्शनी लगाई गई। प्रदर्शनी में मिलेट्स से तैयार विभिन्न रेसिपी एवं खाद्य पदार्थों को प्रदर्शित किया गया, जिसकी उपस्थित अधिकारियों एवं कृषकों द्वारा सराहना की गई। इस अवसर पर कृषकों को श्रीअन्न के पोषण संबंधी महत्व, संतुलित आहार में इसकी उपयोगिता तथा कृषि उत्पादों के मूल्य संवर्धन के प्रति भी जागरूक किया गया। कार्यक्रम में जिला कृषि अधिकारी अशोक कुमार, भूमि संरक्षण अधिकारी चमन सिंह, जिला कृषि रक्षा अधिकारी अनिल प्रसाद मिश्र सहित जनपद के विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने प्रतिभाग किया तथा कृषकों को विभागीय योजनाओं एवं कृषि तकनीकों से सम्बन्धित जानकारी प्रदान की। कार्यक्रम के अन्त में जिला कृषि अधिकारी अशोक कुमार द्वारा जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आये समस्त कृषकों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों तथा विभिन्न प्रतिष्ठानों के सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया गया। इस अवसर पर पर्यावरण सेना प्रमुख अजय क्रांतिकारी सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, जनपद स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।





