11 सितंबर को हमीरपुर में 723 स्थलों पर हरिशंकरी रोपण
लोक भारती जिला प्रशासन एवं समाजिक संगठनों कि साझा बैठक सम्पन्न

हमीरपुर जिले में 11 सितंबर को 723 हरिशंकरी पौधों का रोपण
हमीरपुर। लोक भारती एवं जिला प्रशासन के संयुक्त प्रयास से आगामी 11 सितंबर 2026 को हमीरपुर जिले के सभी गांवों तथा नगरीय क्षेत्र के सभी वार्डों में 723 हरिशंकरी पौधों—पीपल, बरगद एवं पाकड़—का रोपण किया जाएगा।

इस अभियान की कार्ययोजना तैयार करने के लिए जिलाधिकारी अभिषेक गोयल जी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों में हरिशंकरी पौधों के रोपण, पौधों की उपलब्धता, स्थान चयन, संरक्षण एवं देखभाल की विस्तृत कार्ययोजना पर चर्चा की गई।
अभियान का उद्देश्य जिले के प्रत्येक गांव एवं नगरीय वार्ड में हरिशंकरी का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता, जल संरक्षण एवं हरित क्षेत्र को बढ़ावा देना है। लोक भारती एवं जिला प्रशासन के संयुक्त प्रयास से संचालित यह अभियान जनभागीदारी के माध्यम से हमीरपुर को अधिक हरा-भरा एवं पर्यावरण के अनुकूल बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
25 अगस्त 3, 7, 8, 9 सितंबर तक होंगी स्थानीय स्तर पर बैठकें

जिलाधिकारी हमीरपुर अभिषेक गोयल जी ने कहा कि पौधारोपण की इस अनूठी पहल के माध्यम से हरिशंकरी रोपण अभियान में हमीरपुर को जोड़ने का महत्वपूर्ण अवसर मिला है। अभियान को प्रभावी ढंग से क्रियान्वित करने के लिए 25 अगस्त से 9 सितंबर के बीच ब्लॉक, नगर पालिका, नगर पंचायत एवं नगर निगम स्तर पर बैठकें आयोजित की जाएंगी।
उन्होंने बताया कि विकासखंड स्तर पर खंड विकास अधिकारी (BDO) तथा स्थानीय निकायों में संबंधित अधिकारी एवं अधिशासी अधिकारी (EO) नोडल अधिकारी के रूप में कार्य करेंगे। इन बैठकों में रोपण स्थलों का चयन, पौधों की उपलब्धता तथा उनके रोपण एवं संरक्षण की विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जाएगी।

जिलाधिकारी ने प्रकृति एवं पर्यावरण संरक्षण में हरिशंकरी के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पीपल, बरगद एवं पाकड़ का संयुक्त रोपण पर्यावरणीय दृष्टि से अत्यंत उपयोगी है। उन्होंने ‘गॉड्स ट्री’ एवं ईश्वरीय पौधों के रूप में मधुमालती, मधुकामिनी एवं अपराजिता के महत्व को भी रेखांकित किया तथा इनके संरक्षण एवं संवर्धन को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर बल दिया।
हरिशंकरी के पर्यावरणीय महत्व पर प्रकाश

बैठक में लोक भारती के संगठन सचिव श्री गोपाल उपाध्याय ने कहा कि ब्रह्मा, विष्णु एवं महेश के प्रतीक के रूप में पीपल, बरगद एवं पाकड़ को एक ही थाले में रोपित करने की परंपरा हरिशंकरी को विशेष महत्व प्रदान करती है। उन्होंने कहा कि हरिशंकरी पर्यावरण एवं जल संरक्षण की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। ये वृक्ष लंबे समय तक जीवित रहते हैं और पर्यावरण संतुलन, जैव विविधता तथा भावी पीढ़ियों के लिए प्राकृतिक धरोहर के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
सामाजिक संगठनों की रहेगी सक्रिय सहभागिता
अभियान में लोक भारती, गायत्री परिवार, पर्यावरण संरक्षण गतिविधि, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, आर्य समाज, आर्ट ऑफ लिविंग, डेरा सच्चा सौदा, व्यापार संघ, सर्वजन हिताय फाउंडेशन, भारत विकास परिषद, सेवा भारती, किचन गार्डन, हरितिमा क्लब-60, बेटियाँ फाउंडेशन, पहल एक प्रयास, जागरूक नागरिक एसोसिएशन एवं अन्य सामाजिक संगठनों का सहयोग रहेगा।
सभी संस्थाओं ने हरिशंकरी रोपण अभियान को जन-जन तक पहुंचाने तथा पौधों के रोपण के साथ-साथ उनके संरक्षण एवं संवर्धन में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।
बैठक में अभियान के प्रभावी संचालन एवं समन्वय के लिए हरिशंकरी रोपण समिति का गठन किया गया। समिति के नोडल अधिकारी मुख्य विकास अधिकारी होंगे। समिति में आचार्य रविंद्र जी, निवर्तमान सांसद पुष्पेंद्र चंदेल, कुलदीप निषाद आशीष पालीवाल जी ब्लॉक प्रमुख सत्य प्रकाश गुप्ता जी आशीष जन सेवक आदि को शामिल किया गया।
समिति पौधों की उपलब्धता, रोपण स्थलों के चयन, विभिन्न सामाजिक संगठनों के समन्वय तथा पौधों के संरक्षण एवं संवर्धन की व्यवस्था में सहयोग करेगी।
बैठक का संचालन जिला समिति से समन्वयक सत्य प्रकाश गुप्ता जी ने किया। उन्होंने अभियान की रूपरेखा एवं आगामी कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए सभी सहभागी संस्थाओं एवं अधिकारियों का आभार व्यक्त किया।
बैठक के अंत मे मुख्य विकास अधिकारी ने उपस्थित अधिकारियों, सामाजिक संगठनों एवं सभी सहभागियों का धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया।
ये सभी अधिकारी डीएफओ के साथ समन्वय स्थापित करते हुए अभियान की कार्ययोजना को धरातल पर लागू करेंगे तथा 11 सितंबर को प्रस्तावित हरिशंकरी रोपण कार्यक्रम को सफलतापूर्वक अंतिम रूप तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।


