स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर “एक शाम वतन के नाम” का आयोजन, एकाग्रता इंटरनेशनल फाउंडेशन एवं क्रिएटिव विजन द्वारा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उपमुख्यमंत्री श्री ब्रजेश पाठक और विशिष्ट अतिथि स्वाभिमान मंच की राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. गार्गी तिवारी तथा राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष श्रीमती अपर्णा यादव रहीं।

स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर “एक शाम वतन के नाम” का आयोजन, एकाग्रता इंटरनेशनल फाउंडेशन एवं क्रिएटिव विजन द्वारा।
डा० शक्ति कुमार पाण्डेय
ग्लोबल भारत न्यूज
लखनऊ, 14 अगस्त।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उपमुख्यमंत्री श्री ब्रजेश पाठक और विशिष्ट अतिथि स्वाभिमान मंच की राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. गार्गी तिवारी तथा राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष श्रीमती अपर्णा यादव रहीं।
स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर एकाग्रता इंटरनेशनल फाउंडेशन एवं क्रिएटिव विजन के संयुक्त तत्वावधान में मोतीमहल लॉन में देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक संध्या “एक शाम वतन के नाम” का अत्यंत भव्य और गरिमामय आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जश्न-ए-आज़ादी ट्रस्ट के अध्यक्ष श्री मुरलीधर आहूजा ने किया।
समारोह के प्रारंभ में एकाग्रता इंटरनेशनल फाउंडेशन के नेशनल कोऑर्डिनेटर हिमांशु पांडेय ने मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथियों एवं अन्य गणमान्य आगतों का पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर औपचारिक स्वागत किया।
अपने स्वागत संबोधन में उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल एक तिथि नहीं, बल्कि भारत माता के वीर सपूतों के त्याग और समर्पण को नमन करने का पर्व है।
प्रमुख अतिथि उपमुख्यमंत्री श्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि “स्वतंत्रता दिवस का यह पावन पर्व हमें उन महान बलिदानियों की याद दिलाता है जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। ‘एक शाम वतन के नाम’ जैसे आयोजन केवल सांस्कृतिक संध्या नहीं हैं, बल्कि यह हमारी भावी और युवा पीढ़ी में राष्ट्रीय चेतना, देशभक्ति और सामाजिक समरसता का संचार करते हैं। एकाग्रता इंटरनेशनल फाउंडेशन और क्रिएटिव विजन का यह प्रयास अत्यंत सराहनीय है।”
डॉ. गार्गी तिवारी, अध्यक्ष – स्वाभिमान मंच ने कहा कि “एक सशक्त, समर्थ और आत्मनिर्भर भारत का निर्माण केवल सीमाओं की सुरक्षा से ही नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक जड़ों को मजबूत करने से होता है। स्वतंत्रता दिवस में ऐसे आयोजन हमें याद दिलाते हैं कि राष्ट्र निर्माण में समाज के प्रत्येक नागरिक की भूमिका सर्वोपरि है।”
श्रीमती अपर्णा यादव, उपाध्यक्ष – राज्य महिला आयोग ने कहा कि “स्वतंत्रता दिवस हम सभी को अपने अधिकारों के साथ-साथ राष्ट्र के प्रति कर्तव्यों का बोध कराता है। भारत की आजादी और राष्ट्र निर्माण में नारियों का योगदान अतुलनीय रहा है। आज के सशक्त भारत में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ समाज में देशभक्ति और सामाजिक सौहार्द के मूल्यों को आगे बढ़ाना ही वीरों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।”
श्री मुरलीधर आहूजा, अध्यक्ष- जश्न-ए-आज़ादी ट्रस्ट ने कहा कि
“स्वतंत्रता दिवस के इस जश्न का मूल उद्देश्य समाज के हर वर्ग को राष्ट्रप्रेम के धागे में पिरोना है। आज जब हम सब ‘एक शाम वतन के नाम’ के तहत एकत्र हुए हैं, तो हमारा यह संकल्प होना चाहिए कि हम अपने-अपने क्षेत्रों में ईमानदारी से कार्य करते हुए देश की प्रगति और अखंडता में अपना योगदान दें।”
कार्यक्रम के दौरान स्थानीय कलाकारों द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति गीतों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उपस्थित दर्शकों को राष्ट्रप्रेम से सराबोर कर दिया। पूरे परिसर में ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम’ के उद्घोष गूंजते रहे।
कार्यक्रम के समापन पर संजय जी ने पधारे हुए सभी अतिथियों, कलाकारों, मीडिया बंधुओं एवं शहर के प्रबुद्ध नागरिकों का हृदय से आभार एवं धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।


