ब्रेकिंग
प्रधानमंत्री द्वारा"नशा मुक्त युवा – विकसित भारत संकल्प अभियान" के शुभारंभ का लखनऊ में वर्चुअल प्रसा... प्रतापगढ़ में कांग्रेस चिकित्सा प्रकोष्ठ की बैठक सम्पन्न हुई l कुंडा में निःशुल्क बोन न्यूरोपैथी एवं फिजियोथेरेपी स्वास्थ्य शिविर का सफल आयोजन मिसाइल मैन डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम की पुण्यतिथि पर कांग्रेसजनों ने दी श्रद्धांजलि। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी जिला कमेटी प्रतापगढ़ द्वारा जिलाधिकारी कार्यालय पर प्रदर्शन। भारतीय जनता पार्टी ने समरसता संकल्प अभियान शुरू किया। डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने प्रयागराज को दी करोड़ों के विकास कार्यों की सौगात लखनऊ महानगर के सभी 2515 बूथों पर सामूहिक रूप से सुना गया प्रधानमंत्री मोदी का 'मन की बात' कार्यक्रम एनएसयूआई प्रतापगढ़ की जिला कार्यकारिणी का विस्तार हुआ। डिप्टी सीएम ने उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन स्‍वयं सहायता समूहों की जानकारी लेते हुए अधिक...
उत्तरप्रदेशलखनऊ

प्रधानमंत्री द्वारा”नशा मुक्त युवा – विकसित भारत संकल्प अभियान” के शुभारंभ का लखनऊ में वर्चुअल प्रसारण।

भारत के माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से "नशा मुक्त युवा – विकसित भारत संकल्प अभियान" का शुभारंभ किया।

प्रधानमंत्री द्वारा”नशा मुक्त युवा – विकसित भारत संकल्प अभियान” के शुभारंभ का लखनऊ में वर्चुअल प्रसारण।

डा० शक्ति कुमार पाण्डेय
ग्लोबल भारत न्यूज
लखनऊ, 2 अगस्त।

भारत के माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से “नशा मुक्त युवा – विकसित भारत संकल्प अभियान” का शुभारंभ किया।

सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में प्रारंभ किए गए इस राष्ट्रव्यापी अभियान में ब्रह्माकुमारीज़ सहित 125 से अधिक आध्यात्मिक एवं सामाजिक संगठन सहभागी हैं।

अभियान का उद्देश्य युवाओं को नशे से मुक्त कर स्वस्थ, सशक्त एवं संस्कारवान नागरिक बनाना है, जिससे वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को साकार किया जा सके।

लखनऊ में इस राष्ट्रीय शुभारंभ का सीधा प्रसारण ब्रह्माकुमारीज़ गुलज़ार उपवन, सुल्तानपुर रोड स्थित परिसर में विशाल एलईडी स्क्रीन पर किया गया।

कार्यक्रम में लखनऊ के अनेक प्रतिष्ठित महाविद्यालयों एवं विश्वविद्यालयों से आए छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, प्राचार्यों तथा प्रबंधन प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

इस अवसर पर श्री राजेश शाही, उप निदेशक, बेसिक शिक्षा विभाग, कैप्टन पांडे, श्री रविन्द्र अग्रवाल, अध्यक्ष, टेक्नो इंस्टीट्यूट तथा कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के माननीय जल शक्ति मंत्री श्री स्वतंत्र देव सिंह सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने अपने प्रेरक उद्बोधन में कहा कि विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा जब देश का युवा स्वस्थ, आत्मविश्वासी और नशामुक्त होगा। उन्होंने नशा मुक्ति को केवल सरकारी कार्यक्रम न मानकर जन-जन का अभियान बनाने का आह्वान किया।

उन्होंने बताया कि इस अभियान की शुरुआत काशी में एक पायलट परियोजना के रूप में हुई थी, जो आज राष्ट्रीय जनआंदोलन का रूप ले चुकी है। इस अभियान में मेरा युवा भारत (My Bharat) के स्वयंसेवक, देशभर के विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के विद्यार्थी तथा 125 से अधिक आध्यात्मिक एवं सामाजिक संगठन सक्रिय रूप से जुड़े हैं।

प्रधानमंत्री जी ने बताया कि यह अभियान आगामी 100 सप्ताह तक चलेगा। प्रत्येक रविवार को खेलकूद, योग, ध्यान, सांस्कृतिक कार्यक्रम, जन-जागरूकता अभियान एवं सामुदायिक सेवा जैसी गतिविधियों के माध्यम से युवाओं में नशामुक्त जीवन के प्रति सकारात्मक चेतना विकसित की जाएगी। उन्होंने शिक्षकों, अभिभावकों एवं समाज के सभी वर्गों से युवाओं के साथ खुला संवाद बनाए रखने, नशे के प्रारंभिक संकेतों को पहचानने तथा नशे से जूझ रहे लोगों को तिरस्कार नहीं बल्कि सहयोग, संवेदना और पुनर्वास का अवसर देने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति नशे की लत से बाहर निकलता है, वह समाज का वास्तविक “योद्धा” है और उसे सम्मान मिलना चाहिए।

प्रधानमंत्री के प्रेरक उद्बोधन के पश्चात दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ किया गया।

ब्रह्माकुमारीज़ गोमती नगर की संचालिका राजयोगिनी बीके राधा दीदी ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि सबसे श्रेष्ठ स्थिति यह है कि व्यक्ति किसी भी प्रकार के नशे की लत से दूर रहे। यदि कोई व्यक्ति किसी कारणवश नशे का शिकार हो जाए तो उसे सबसे अधिक आवश्यकता सहारे, स्नेह और सही दिशा दिखाने वालों की होती है।

ब्रह्माकुमारीज़ संस्था वर्षों से राजयोग मेडिटेशन के माध्यम से लोगों के मन को सशक्त बनाकर उन्हें नशे की लत से मुक्त कराने तथा प्रेम, शांति, खुशी और सकारात्मक जीवन जीने की कला सिखाने का कार्य कर रही है।

मुख्य अतिथि माननीय जल शक्ति मंत्री श्री स्वतंत्र देव सिंह ने अपने प्रेरक संबोधन में कहा कि जीवन के खालीपन को नशे से नहीं, बल्कि सेवा, सफलता और ज्ञान के नशे से भरना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि एक योगी व्यक्ति साधारण परिस्थितियों में रहते हुए भी उच्च विचारों और श्रेष्ठ कर्मों का जीवन जीता है तो वह अपने जीवन को महान बना सकता है, जबकि नशे की लत एक समृद्ध परिवार, उज्ज्वल करियर और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य तक को बर्बाद कर सकती है। उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा नशामुक्त भारत के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए सभी युवाओं से इस जनअभियान से जुड़ने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय (एनएसडी) एवं मेरा युवा भारत (My Bharat) के स्वयंसेवकों द्वारा प्रस्तुत प्रेरक नुक्कड़ नाटक का भी प्रसारण किया गया, जिसमें नशे के दुष्परिणामों, परिवार पर उसके विनाशकारी प्रभाव तथा सामूहिक संकल्प एवं इच्छाशक्ति से नशे पर विजय प्राप्त करने का प्रभावशाली संदेश दिया गया।

अंत में डॉ. भूपेन्द्र ने उपस्थित सभी छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं अतिथियों को जीवनभर किसी भी प्रकार का नशा न करने तथा दूसरों को भी नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करने की सामूहिक प्रतिज्ञा दिलाई। इसके पश्चात सभी को प्रसाद वितरित किया गया और कार्यक्रम का समापन हुआ।

इस अवसर पर ब्रह्माकुमारीज़ ने संकल्प व्यक्त किया कि संस्था राजयोग मेडिटेशन, आध्यात्मिक सशक्तिकरण, मूल्यनिष्ठ जीवनशैली एवं व्यक्तित्व विकास आधारित कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यालयों, महाविद्यालयों, सरकारी संस्थानों, औद्योगिक प्रतिष्ठानों एवं समाज के विभिन्न वर्गों तक इस अभियान को जन-जन का आंदोलन बनाने के लिए निरंतर कार्य करती रहेगी।

DrShakti KumarPandey

डा० शक्ति कुमार पाण्डेय अंग्रेजी साहित्य के प्रोफेसर और विभागाध्यक्ष रहे हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में टाइम्स ऑफ इंडिया, नवभारत टाइम्स और यूएनआई के पत्रकार रहे हैं। आजकल 'ग्लोबल भारत' मासिक पत्रिका और न्यूज पोर्टल के प्रधान सम्पादक हैं।

यह भी पढ़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button