राजा भइया ने किया करोड़ों की लागत से बनने वाली परियावां-लवाना मार्ग का शिलान्यास।
लोक निर्माण विभाग द्वारा 24 करोड़ 92 लाख रुपये की लागत से स्वीकृत इस ऐतिहासिक एवं महत्वाकांक्षी परियोजना को लेकर जनता में अभूतपूर्व उत्साह दिखाई दिया।

राजा भइया ने किया करोड़ों की लागत से बनने वाली परियावां-लवाना मार्ग का शिलान्यास।
डा० शक्ति कुमार पाण्डेय
ग्लोबल भारत न्यूज नेटवर्क
प्रतापगढ़, 28 अप्रैल।
लोक निर्माण विभाग द्वारा 24 करोड़ 92 लाख रुपये की लागत से स्वीकृत इस ऐतिहासिक एवं महत्वाकांक्षी परियोजना को लेकर जनता में अभूतपूर्व उत्साह दिखाई दिया।
क्षेत्र के चहुंमुखी एवं सर्वांगीण विकास के प्रति अपनी अटूट प्रतिबद्धता को पुनः दोहराते हुए जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं कुंडा विधायक कुंवर रघुराज प्रताप सिंह ‘राजा भइया’ ने मंगलवार सायंकाल बहुप्रतीक्षित एवं जनाकांक्षाओं से जुड़े परियावां-लवाना मार्ग के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य का वैदिक मंत्रोच्चार, शंखनाद, मंगलध्वनि एवं पूर्ण विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर शिलान्यास किया।
इस परियोजना के मूर्त रूप लेने से बाबागंज व कालाकांकर विधानसभा क्षेत्र के लाखों निवासियों सहित इस मार्ग से प्रतिदिन आवागमन करने वाले हजारों किसानों, व्यापारियों, छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, नौकरीपेशा लोगों, तीर्थयात्रियों एवं आम नागरिकों को दशकों पुरानी जर्जर, गड्ढायुक्त, कीचड़युक्त सड़क की नारकीय पीड़ा एवं दुर्व्यवस्था से स्थायी एवं पूर्ण मुक्ति मिलेगी।
मार्ग के उच्चीकरण एवं चौड़ीकरण से न केवल यात्रा का समय आधा रह जाएगा और सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगेगा, बल्कि पूरे क्षेत्र में व्यापारिक गतिविधियों को अभूतपूर्व गति मिलने के साथ-साथ सामाजिक समरसता एवं आर्थिक उन्नति को भी नया आयाम प्राप्त होगा।
कृषि उत्पादों, सब्जियों एवं दुग्ध को मंडी तक पहुंचाने में किसानों को विशेष सहूलियत होगी तथा क्षेत्र के युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
शिलान्यास समारोह के पश्चात जनवामऊ-असारगंज के विशाल मैदान में आयोजित अभूतपूर्व एवं ऐतिहासिक जनसभा में उमड़े लाखों के जनसैलाब को संबोधित करते हुए राजा भइया ने कहा कि कुंडा-बाबागंज क्षेत्र के विकास से संबंधित कोई भी जनहित का प्रस्ताव जब प्रदेश सरकार के समक्ष पहुंचता है तो उस पर बिना किसी प्रशासनिक विलंब के तत्काल स्वीकृति की मुहर लग जाती है।
यह केवल स्वीकृति नहीं है, बल्कि सरकार की विकासपरक सोच एवं क्षेत्र की जनता के प्रति विशेष स्नेह, अपनत्व एवं संवेदनशीलता का प्रत्यक्ष प्रमाण है।
इसके लिए उन्होंने प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का समस्त क्षेत्रवासियों, मातृशक्ति एवं युवा शक्ति की ओर से हृदय की गहराइयों से आभार व्यक्त किया तथा धन्यवाद ज्ञापित किया।
अपने ओजस्वी, जोशीले एवं भावपूर्ण संबोधन में उपस्थित विशाल जनसमूह से भावविभोर होकर मुखातिब होते हुए राजा भइया ने कहा, ‘कुंडा-बाबागंज में विकास का संकल्प हमारा है और इस संकल्प को पूरा करना हमारा धर्म है। आप सबने हमें एक वोट का आशीर्वाद देकर विधानसभा भेजा है, लेकिन आपके उस एक वोट ने हमें कुंडा और बाबागंज दोनों विधानसभा क्षेत्रों की जनता की सेवा करने की दोगुनी जिम्मेदारी का निर्वहन करने का पुनीत दायित्व सौंपा है।
उन्होंने कहा कि हम इस पवित्र दायित्व को पूरी निष्ठा, ईमानदारी, पारदर्शिता एवं समर्पण भाव से निभाने के लिए कृतसंकल्पित हैं। क्षेत्र का सर्वांगीण विकास, अंतिम व्यक्ति तक सुख-समृद्धि पहुंचाना ही हमारा एकमात्र ध्येय एवं लक्ष्य है।
आगामी त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के परिप्रेक्ष्य में अपनी रणनीति स्पष्ट करते हुए उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि ग्राम प्रधान व क्षेत्र पंचायत सदस्य के चुनाव में मेरा कोई व्यक्तिगत हस्तक्षेप नहीं रहता है और न ही होना चाहिए, क्योंकि यह जनता का सीधा चुनाव है। किंतु जिले के समग्र विकास, योजनाओं के क्रियान्वयन एवं शासन की नीतियों को धरातल पर उतारने की धुरी जिला पंचायत बोर्ड होता है। इसलिए जिला पंचायत सदस्य के चुनाव में जनसत्तादल लोकतांत्रिक द्वारा समर्थित योग्य, कर्मठ एवं जनसेवा को समर्पित प्रत्याशियों को भारी मतों से विजयी बनाना अत्यंत आवश्यक एवं समय की मांग है।
उन्होंने कहा कि जब जिले में आपकी अपनी जिला पंचायत सरकार होगी, तभी जिला पंचायत निधि का एक-एक रुपया कुंडा-बाबागंज के अंतिम गांव, अंतिम घर, अंतिम व्यक्ति तक पहुंचकर विकास की अविरल एवं निर्मल धारा प्रवाहित करेगा।
ग्रामीण अंचल में स्मार्ट मीटर लगाए जाने से उत्पन्न हो रही व्यापक विसंगतियों, त्रुटिपूर्ण बिलिंग एवं जनसमस्याओं पर गहरी एवं गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए राजा भइया ने कहा कि इस ज्वलंत एवं जनहित से जुड़े मुद्दे को मैंने विधानसभा सदन के पटल पर पूरी दृढ़ता, गंभीरता एवं पुरजोर तरीके से उठाया है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री से व्यक्तिगत रूप से शिष्टाचार भेंट कर किसानों एवं आम बिजली उपभोक्ताओं की पीड़ा, व्यथा एवं आर्थिक संकट से उन्हें विस्तारपूर्वक अवगत कराया है। मुझे पूर्ण विश्वास एवं भरोसा है कि जनहित को सर्वोपरि मानने वाली सरकार इस दिशा में शीघ्र ही सकारात्मक, व्यावहारिक एवं राहतकारी निर्णय लेकर जनता को बड़ी राहत प्रदान करेगी।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर भावुक होते हुए राजा भइया ने इस ऐतिहासिक एवं यादगार शिलान्यास समारोह को सफल बनाने वाले हजारों की संख्या में उपस्थित कर्मठ कार्यकर्ताओं, पार्टी के वरिष्ठ एवं युवा पदाधिकारियों, क्षेत्र के प्रबुद्ध नागरिकों, बुद्धिजीवियों, मातृशक्ति, युवा शक्ति एवं आयोजन समिति के प्रत्येक सदस्य के प्रति हृदय से कृतज्ञता ज्ञापित की तथा सभी का भावभीना अभिनंदन किया।
इस भव्य, गरिमामय एवं ऐतिहासिक अवसर पर विधान परिषद सदस्य कुंवर अक्षय प्रताप सिंह ‘गोपाल भइया’, राष्ट्रीय महासचिव डॉ. कैलाश नाथ ओझा, बाबागंज विधायक विनोद सरोज, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि कुलदीप पटेल, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष उमाशंकर यादव, पूर्व प्रमुख बबलू सिंह, पंकज सिंह, ब्लॉक प्रमुख रामयश सरोज, रमेश सरोज, पूर्व प्रमुख डब्बू सिंह, प्रमुख पति रामचंद्र सरोज, पूर्व प्रमुख बी.एन. सिंह, राजा भइया के प्रतिनिधि हरिओम शंकर श्रीवास्तव, ब्लॉक अध्यक्ष कालाकांकर संजय त्रिपाठी, चेयरमैन कुंडा पति शिवकुमार तिवारी ‘भगवन’, चेयरमैन डेरवा कुंवर बहादुर पटेल, विजय पांडेय, संजय त्रिपाठी, प्रकाश चंद्र त्रिपाठी, योगेंद्र सिंह, अनिल सिंह ‘बाबा’, प्रधान मनोज सिंह, प्रधान पवन सिंह, अजीत सिंह, रिंकू सिंह, धीरेंद्र सिंह, रविंद्र सिंह जमेठी , अतुल सिंह, ध्यानी सिंह, बबलू शुक्ला, राजेश त्रिपाठी सोनी,सहित जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के हजारों कार्यकर्ता, पदाधिकारी एवं क्षेत्रीय जनता उपस्थित रही।

